पॉलिथीन के खिलाफ दुकानों पर एसडीएम ने की छापेमारी

मऊ नगर पंचायत क्षेत्र में 1 से 12 जुलाई तक चल रहे प्लास्टिक उन्मूलन महाअभियान के तहत उप जिलाधिकारी राम ऋषि रमन के नेतृत्व में प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ...

Jul 6, 2026 - 10:03
Jul 6, 2026 - 10:04
 0  4
पॉलिथीन के खिलाफ दुकानों पर एसडीएम ने की छापेमारी

22 दुकानदारों पर 14,700 का जुर्माना

चित्रकूट। मऊ नगर पंचायत क्षेत्र में 1 से 12 जुलाई तक चल रहे प्लास्टिक उन्मूलन महाअभियान के तहत उप जिलाधिकारी राम ऋषि रमन के नेतृत्व में प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने बाजार रोड एवं बस स्टैंड क्षेत्र की दुकानों पर छापेमारी कर जांच की।

अभियान के दौरान 22 दुकानों से प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद होने पर संबंधित दुकानदारों पर कुल 14,700 रुपए का जुर्माना लगाया। अधिकांश दुकानदारों पर 500, कुछ पर 1,000 तथा एक दुकानदार पर 200 रुपए का अर्थदंड लगाया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों को भी कड़ी चेतावनी दी गई। उप जिलाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

एसडीएम राम ऋषि रमन ने बताया कि प्रतिबंधित पॉलिथीन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने व्यापारियों से पॉलिथीन का उपयोग पूरी तरह बंद करने तथा ग्राहकों को कपड़े या अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी दुकान पर प्रतिबंधित पॉलिथीन मिलने पर उसे जब्त करने के साथ नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत लोगों को प्लास्टिक एवं प्लास्टिक उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान में कपड़े के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ बच्चों को भी घर, स्कूल और समाज में प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस दौरान थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव, मऊ थाना पुलिस, नगर पंचायत के कर्मचारी आदि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0