धान, ज्वार, बाजरा क्रय केंद्रों तथा उर्वरक वितरण केंद्रों का लिया जायजा

डीएम पुलकित गर्ग एवं एसपी अरुण कुमार सिंह ने खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा संचालित धान क्रय केंद्र, ज्वार बाजरा क्रय केंद्र तथा पीसीएफ...

Nov 5, 2026 - 10:03
Nov 5, 2026 - 10:03
 0  1
धान, ज्वार, बाजरा क्रय केंद्रों तथा उर्वरक वितरण केंद्रों का लिया जायजा

किसानों को नियमानुसार उर्वरक वितरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

खाद की कोई कमी नहीं, किसान टोकन प्राप्त कर लें उर्वरक

चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग एवं एसपी अरुण कुमार सिंह ने खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा संचालित धान क्रय केंद्र, ज्वार बाजरा क्रय केंद्र तथा पीसीएफ कृषक सेवा केंद्र मंडी परिसर कर्वी का स्थलीय निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से ज्वार एवं बाजरा की खरीद की प्रगति तथा अब तक हुई आवक के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने धान क्रय केंद्र का भी निरीक्षण करते हुए पीसीएफ के क्रय केंद्र प्रभारी को निर्देशित किया कि आवश्यकता के अनुसार क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष धान खरीद कम न हो। किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने पीसीएफ कृषक सेवा केंद्र कर्वी मंडी का निरीक्षण किया तथा उर्वरक वितरण रजिस्टर का अवलोकन किया। अभिलेखों के परीक्षण में पाया गया कि कुल एक हजार बोरी उर्वरक में 230 बोरी वितरण के लिए शेष हैं तथा शेष उर्वरक के लिए टोकन भी वितरित किए जा चुके हैं। इस पर डीएम ने निर्देश दिए कि उर्वरक वितरण केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने पाए तथा आने वाले किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार व्यवस्थित ढंग से उर्वरक वितरित किया जाए। इसके बाद डीएम ने इफको उर्वरक केंद्र मंडी परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि फार्मर रजिस्ट्री का सत्यापन करने के उपरांत ही किसानों को उर्वरक वितरित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री में अभी पूर्ण भूमि का विवरण दर्ज नहीं हो पाया है, उनके मामले में खतौनी का परीक्षण कर वास्तविक भूमि के रकबे के अनुसार नियमानुसार उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। जिन किसानों का फार्मर रजिस्ट्री में पूरा रकबा दर्ज नहीं है, उन्हें खतौनी के आधार पर उर्वरक वितरण सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि प्रातःकाल टोकन वितरण के समय केंद्र पर एक-दो सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाए। जिससे किसानों को टोकन प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा व्यवस्था सुचारु बनी रहे। इस दौरान डीएम उपस्थित किसानों से संवाद करते हुए अपील की कि जनपद में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता है। किसान निर्धारित प्रक्रिया के तहत टोकन प्राप्त कर अपनी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक लें तथा किसी प्रकार की अनावश्यक भीड़ न लगाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन ग्राम पंचायतों में चकबंदी की प्रक्रिया चल रही है, वहां के किसानों को आधार कार्ड अथवा खतौनी जैसे वैध अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। ताकि कोई भी पात्र किसान उर्वरक प्राप्त करने से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में स्थित सार्वजनिक शौचालय में ताला बंद पाए जाने पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद कर्वी को निर्देशित किया कि शौचालय को तत्काल खुलवाकर आमजन के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में निर्मित कोई भी सार्वजनिक शौचालय बंद नहीं रहना चाहिए। साथ ही मंडी परिसर में नियमित साफ सफाई सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम न्यायिक डॉ. कंचन, सदर एसडीएम अजय यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0