संभव अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिक सम्मानित

डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभव अभियान, पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य...

Aug 25, 2026 - 10:47
Aug 25, 2026 - 10:48
 0  1
संभव अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिक सम्मानित

आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण में तेजी लाने के दिए निर्देश

चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभव अभियान, पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण एवं आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में संभव अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मऊ के बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मेंद्र सिंह तथा पहाड़ी के बाल विकास परियोजना अधिकारी महेंद्र पटेल, डॉ. राजेश सिंह प्रभारी चिकित्साधिकारी, छह पर्यवेक्षिकाओं शहर परियोजना की तारा देवी, कर्वी परियोजना की अपराजिता राय, मानिकपुर परियोजना की प्रीति जायसवाल, मऊ परियोजना की नीलम विश्वकर्मा, पहाड़ी परियोजना की विनिता सिंह तथा रामनगर परियोजना की मीना देवी एवं 12 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए डीएम ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट एवं आकर्षक रंगोली बनाने वाली तीन आंगनवाड़ी को भी सम्मानित किया गया। डीएम ने कहा कि जो कार्मिक इस बार सम्मानित नहीं हो सके हैं वे आगामी अवसर पर और बेहतर प्रदर्शन करें। 

बैठक में बताया गया कि लगभग 1.776 करोड़ की लागत से छह नवीन सीडीपीओ कार्यालयों का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। कार्यदायी संस्था द्वारा कार्य पूर्ण होने की रिपोर्ट जिला कार्यक्रम अधिकारी को उपलब्ध करा दी गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर समय प्राप्त करते हुए नवनिर्मित कार्यालयों का यथाशीघ्र उद्घाटन कराया जाए। जनपद में निर्माणाधीन 101 आंगनवाड़ी केंद्रों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी केंद्रों का निर्माण कार्य 30 अगस्त तक प्रत्येक दशा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता के साथ समयसीमा में निर्माण पूर्ण कर केंद्रों को विभाग को हस्तगत करने के निर्देश दिए।

चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (SADA) द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों में आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 371 केंद्रों पर पेयजल व्यवस्था तथा 70 शौचालयों का कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। जिलाधिकारी ने शेष कार्यों में तेजी लाने तथा पूर्ण कार्यों की एक पक्ष के भीतर प्रगति आख्या जिला कार्यक्रम अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशाषी अभियंता की लगातार अनुपस्थिति पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को संबंधित अधिशाषी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि फंड के माध्यम से 75 नवीन आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है। कहा कि विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिला पोषण समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0