उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रहरी को किया जाएगा सम्मानित : डीएम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आज नाथ नगरी बरेली में पुलिस सहयोग एवं अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले...

Oct 14, 2026 - 10:53
Oct 14, 2026 - 10:54
 0  2
उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रहरी को किया जाएगा सम्मानित : डीएम

मुख्यमंत्री के ग्राम प्रहरियों के सम्मान एवं मानदेय वृद्धि कार्यक्रम का जनपद हुआ सजीव प्रसारण

चित्रकूट। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आज नाथ नगरी बरेली में पुलिस सहयोग एवं अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों के सम्मान के लिए आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद में देखा गया। 

इस अवसर पर डीएम पुलकित गर्ग, एसपी अरुण कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद कर्वी नरेंद्र गुप्ता, जिला सहकारी बैंक चित्रकूट बांदा अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय, आरआई सहित अन्य जनप्रतिनिधियों तथा ग्राम प्रहरियों की उपस्थिति रही। इस दौरान डीएम ने ग्राम प्रहरियों से कहा कि ग्राम प्रहरी ग्रामीण स्तर पर पुलिस एवं प्रशासन के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। ग्राम स्तर पर उनकी तैनाती से स्थानीय सूचनाओं का प्रभावी संकलन होता है तथा पुलिस का सूचना तंत्र सुदृढ़ बना रहता है। ग्रामीण क्षेत्रों में घटित होने वाली घटनाओं एवं स्थानीय समस्याओं की जानकारी समय से प्राप्त करने में ग्राम प्रहरियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरियों के माध्यम से संभावित घटनाओं की पूर्व सूचना प्राप्त होने पर उन्हें रोकने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलती है। वहीं किसी घटना के घटित होने पर भी उनके माध्यम से पुलिस को त्वरित सूचना प्राप्त होती है। जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।

डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों के मानदेय को 2,5 सौ रुपये से बढ़ाकर 35 सौ रुपये प्रतिमाह किए जाने का निर्णय उनके कार्यों के प्रति सम्मान एवं प्रोत्साहन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखें। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद चित्रकूट में कुल 498 ग्राम प्रहरी तैनात हैं। उन्होंने कहा कि अपने दायित्वों के प्रति सक्रिय, सजग एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रहरियों को जनपद स्तर पर भी सम्मानित किया जाएगा। ताकि अन्य ग्राम प्रहरियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहन मिल सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0