सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं में नहीं होना चाहिए चूक : आयुक्त
मंडलायुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी अजीत कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था एवं शासन...
कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
चित्रकूट। मंडलायुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी अजीत कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था एवं शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में आयुक्त ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मनरेगा, भवन एवं सड़क निर्माण, एम्बुलेंस संचालन, दिव्यांगजन पेंशन, जल जीवन मिशन, फैमिली आईडी, 15वें वित्त आयोग, शौचालय निर्माण, पर्यटन विकास, ऑपरेशन कायाकल्प, शादी अनुदान योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, पोषण अभियान, निराश्रित पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रोजेक्ट अलंकार, ग्रामीण स्टेडियम एवं ओपन जिम निर्माण, सेतु निर्माण, नवीन सड़क निर्माण, श्रम एवं सेवायोजन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। आयुक्त ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य सुनिश्चित किए जाएं। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जिन विभागों की रैंकिंग अपेक्षाकृत कम है उनमें तत्काल सुधार कर जनपद की रैंकिंग बेहतर बनाई जाए। बागवानी विकास मिशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिक से अधिक किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उर्वरकों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने निर्देश दिए कि जनपद में किसी प्रकार की खाद की कमी नहीं होनी चाहिए। अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया गया कि खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदला जाए। विद्युत बिलिंग एवं मीटर रीडिंग सुधार, रोस्टर के अनुरूप विद्युत आपूर्ति तथा जर्जर विद्युत तारों का शीघ्र बदला जाए। सीएमओ को निर्देश दिए गए कि जननी सुरक्षा योजना का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। जल जीवन मिशन की समीक्षा में उन्होंने कार्यों को तेजी से पूर्ण करें। जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को निर्देशित किया गया कि फैमिली आईडी का शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य समय सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए गए कि ग्राम पंचायत सचिवालयों में सभी कार्मिक रोस्टर के अनुसार उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण करें तथा ग्रामों में नियमित साफ सफाई सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। साथ ही जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि श्रावण मास के मेले एवं आगामी पर्व त्योहारों के दौरान सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। भूमि विवादों के मामलों का राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त अरविंद कुमार, एडीएम चंद्रशेखर, एडीएम नमामि गंगे स्वप्निल कुमार यादव, सीएमओ डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी, डीसी मनरेगा डीएन पांडेय, जिला विकास अधिकारी सत्यराम यादव, सदर एसडीएम अजय कुमार यादव सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
