लोक सेवा आयोग की परीक्षा में लापरवाही क्षम्य नहीं : एडीएम

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) प्रवक्ता परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से...

Jun 12, 2026 - 10:50
Jun 12, 2026 - 10:51
 0  3
लोक सेवा आयोग की परीक्षा में लापरवाही क्षम्य नहीं : एडीएम

14 जून को जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर होगी राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा

चित्रकूट। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) प्रवक्ता परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को चित्रकूट इंटर कॉलेज, कर्वी में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी चंद्रशेखर ने की। इसमें सभी केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, पर्यवेक्षक, कक्ष निरीक्षक, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।

बैठक में आयोग एवं शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि 14 जून को जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

अपर जिलाधिकारी चंद्रशेखर ने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में केंद्र व्यवस्थापक के साथ-साथ कक्ष निरीक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान थोड़ी सी असावधानी भी बड़ी समस्या खड़ी कर सकती है। इसलिए सभी कक्ष निरीक्षक बैठक में दिए जा रहे निर्देशों को गंभीरता से सुनें और उनका अक्षरशः पालन करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी कक्ष निरीक्षक अथवा अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर नहीं आएगा। प्रवेश पत्र का सीटिंग प्लान से भली-भांति मिलान करने के बाद ही अभ्यर्थियों को उनकी निर्धारित सीट पर बैठाया जाए। साथ ही प्रवेश पत्र पर आयोग का होलोग्राम चस्पा होने की भी जांच की जाए।

एडीएम ने कहा कि प्रश्न पुस्तिका और ओएमआर शीट का क्रमांक एक समान होता है। इनके वितरण के समय विशेष सावधानी बरती जाए ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को आपस में बातचीत करने की अनुमति नहीं होगी।

उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे एवं वॉयस रिकॉर्डर लगाए गए हैं। यदि कोई अभ्यर्थी या कक्ष निरीक्षक परीक्षा की शुचिता भंग करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर ने भी सभी केंद्र व्यवस्थापकों एवं कक्ष निरीक्षकों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में चित्रकूट इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक डॉ. रणवीर सिंह चौहान, परीक्षा सहायक फूलचंद, लोक सेवा आयोग से आए पर्यवेक्षक सुदीप कुमार अग्रवाल सहित सभी केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, पर्यवेक्षक, कक्ष निरीक्षक एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय कुमार पांडेय ने किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0