मुकेश सहनी का चित्रकूट में समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत

विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी मंगलवार को चित्रकूट पहुंचे। उनके पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं...

Sep 23, 2026 - 12:05
Sep 23, 2026 - 12:06
 0  2
मुकेश सहनी का चित्रकूट में समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत

बोले सहनी-निषाद आरक्षण आने वाली पीढ़ी के भविष्य का सवाल

गंगाजल हाथ में लेकर आरक्षण के लिए संकल्प, 30 नवंबर तक चलेगा अभियान 

चित्रकूट। विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी मंगलवार को चित्रकूट पहुंचे। उनके पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान निषाद समाज के लोगों ने गंगाजल हाथ में लेकर आरक्षण एवं अपने हक अधिकार के लिए संकल्प लिया। इसके बाद मुकेश सहनी पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने निषाद आरक्षण संकल्प अभियान और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर अपना पक्ष रखा।

संस्थापक मुकेश सहनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निषाद आरक्षण संकल्प अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत गांव-गांव जाकर निषाद समाज के लोगों से संवाद किया जा रहा है और गंगाजल हाथ में लेकर अपने अधिकार एवं आरक्षण के लिए संकल्प कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चित्रकूट में भी लोगों ने अपने पूर्वजों को साक्षी मानकर आरक्षण की मांग को लेकर संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान 30 नवंबर तक उत्तर प्रदेश में जारी रहेगा। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों को आरक्षण के मुद्दे से जोड़ेंगे। सहनी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य निषाद समाज को उसके अधिकारों और सामाजिक अवसरों को लेकर जागरूक करना है।

सहनी ने दावा किया कि अब तक लाखों लोग गंगाजल हाथ में लेकर आरक्षण के लिए संकल्प ले चुके हैं और अभियान के माध्यम से लगभग 50 लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर के बाद अभियान के अनुभव और जनसमर्थन के आधार पर पार्टी अपनी आगे की राजनीतिक रणनीति पर निर्णय करेगी। कहा कि निषाद समाज लंबे समय से आरक्षण की मांग कर रहा है। उनके अनुसार, यह मुद्दा केवल वर्तमान पीढ़ी का नहीं बल्कि निषाद समाज के बच्चों की शिक्षा, रोजगार और आने वाली पीढ़ी के भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार से इस विषय पर ठोस पहल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि 2027 से पहले निषाद आरक्षण के मुद्दे पर निर्णय होना चाहिए। सहनी ने कहा कि यदि समाज की मांग पर समाधान नहीं होता है तो निषाद समाज लोकतांत्रिक तरीके से अपनी राजनीतिक दिशा पर विचार करेगा। यह श्री सहनी द्वारा व्यक्त किया गया राजनीतिक रुख है।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री एवं निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद को लेकर पूछे गए सवाल पर सहनी ने कहा कि उन्हें सरकार में रहते हुए निषाद आरक्षण के मुद्दे का समाधान कराने के लिए प्रयास करना चाहिए। सहनी ने कहा कि यदि सरकार में रहते हुए वे आरक्षण का समाधान नहीं करा पा रहे हैं तो उन्हें सरकार से अलग होकर विपक्ष की भूमिका में समाज के हक की लड़ाई लड़ने पर विचार करना चाहिए। सहनी ने निषाद समाज के युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि “एक रोटी कम खाइए, लेकिन अपने बच्चों को जरूर पढ़ाइए।” उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी समाज के विकास के लिए जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि निषाद समाज अपने हक और अधिकार के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाता रहेगा और आरक्षण की मांग को गांव-गांव तक पहुंचाने का अभियान जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0