खतरे के निशान से 6.2 मीटर ऊपर मंदाकिनी, रामघाट जलमग्न, चार बस्तियों में घुसा बाढ़ का पानी
मंदाकिनी ने शनिवार सुबह ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि पूरे शहर में हड़कंप मच गया। महज सवा तीन घंटे में नदी पांच मीटर उफना गई...
चित्रकूट। मंदाकिनी ने शनिवार सुबह ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि पूरे शहर में हड़कंप मच गया। महज सवा तीन घंटे में नदी पांच मीटर उफना गई। इस साल की यह ने 23 वर्ष का रिकार्ड टूट गया है।
सुबह पौने सात बजे रामघाट पर जलस्तर 125.700 मीटर था जो सुबह 10 बजे तक बढ़कर 130.700 मीटर पर पहुंच गया। सुबह 7ः10 बजे ही नदी ने खतरे के निशान 126.500 मीटर को पार कर लिया था। देखते ही देखते रामघाट पूरी तरह डूब गया। 11ः15 बजे तक जलस्तर 132.700 मीटर पर पहुंच गया जो खतरे के निशान से 6.2 मीटर ऊपर है। बाढ़ का पानी सीतापुर, पुरानी लंका, आरोग्यधाम और कर्वी नगर के तरौंहा मोहल्ले में घुस गया है। घरों में पानी भरने से लोग दहशत में हैं। सूचना मिलते ही राजस्व और पुलिस की टीमें नावों के साथ राहत कार्य में जुट गईं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
लगातार बारिश से हालात और बिगड़ रहे हैं। मध्य प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों और चित्रकूट में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मंदाकिनी उफान पर है। घाटों और निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों को ऊंचे स्थानों पर जाने की चेतावनी दी गई है। डीएम पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह और एसडीएम सदर अजय कुमार ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट पर रखा है और लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
