दीपावली मेले की तैयारियों को लेकर हुई अंतरराज्यीय समन्वय बैठक
आगामी दीपावली मेले की तैयारियों के संबंध में ग्रामोदय विश्वविद्यालय के सभाकक्ष में सांसद गणेश सिंह, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार एवं रीवा संभाग...
उप्र व मप्र के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के दिए गए निर्देश
चित्रकूट। आगामी दीपावली मेले की तैयारियों के संबंध में ग्रामोदय विश्वविद्यालय के सभाकक्ष में सांसद गणेश सिंह, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार एवं रीवा संभाग के कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश के जनपद चित्रकूट एवं मध्य प्रदेश के सतना जिले के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर मेले से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्देश दिए गए कि दीपावली मेले के दृष्टिगत विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण कर लटकते तारों को ठीक कराया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता के अनुसार टैंकरों के माध्यम से पानी की व्यवस्था की जाए। बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त हुए पुल के स्थान पर बनाए जा रहे पीपा पुल का निर्माण मेले से पूर्व पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परिक्रमा मार्ग में किए गए अतिक्रमण को समय रहते हटाएं। जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। मेला क्षेत्र, परिक्रमा मार्ग एवं रामघाट पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सफाई कार्य में लगाए जाने वाले सभी कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस कोड में कार्य करने के निर्देश दिए गए। मेले से पूर्व पार्किंग स्थलों को चिह्नित कर वहां आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा यातायात प्रबंधन की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। इसके साथ ही खोया-पाया केंद्र को सक्रिय रखते हुए वहां निरंतर उद्घोषणा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि बिछड़े हुए श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाने में सहायता मिल सके।
बैठक में दोनों जनपदों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रखी जाए। सभी सीसीटीवी कैमरों की समय से जांच कराकर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए। मेले के सुव्यवस्थित संचालन के लिए पूरे मेला क्षेत्र को सेक्टरों में विभाजित कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित करें। जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दीपावली मेले से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष साधना पटेल, चित्रकूट विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष विजय यादव, डीआरआई के संगठन सचिव अभय महाजन, कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस., डीएम चित्रकूट पुलकित गर्ग, एसपी सतना हंसराज सिंह, अपर कलेक्टर सतना विकास सिंह, एडीएम चित्रकूट डॉ. कंचन, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सपना त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं संत-महात्मा उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
