किसान दिवस में डीएम ने सुनी किसानों की समस्याएं
डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया...
संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश, कृषि यंत्र के लाभार्थियों को वितरित किया चाभी
चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में कृषकों द्वारा अतिवृष्टि एवं बाढ़ से फसल क्षति आदि विषयों पर चर्चा की गई।
डीएम ने फसल बीमा एवं क्षति सर्वे की समीक्षा करते हुए बताया कि सर्वेक्षण कार्य प्रगति पर है तथा कुछ लाभार्थियों के खातों में क्षतिपूर्ति की धनराशि का सीधे हस्तांतरण किया जा चुका है। शेष पात्र लाभार्थियों को भी शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने बीमा कंपनी को कृषकों द्वारा प्रस्तुत व्यक्तिगत दावों का शत प्रतिशत सर्वे कराकर नियमानुसार क्षतिपूर्ति की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए। उप कृषि निदेशक जीतलाल गुप्ता ने गत माह किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के विभागवार अनुपालन से कृषकों को अवगत कराया। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड, बीज वितरण, कृषि यंत्रीकरण योजना एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत फसल क्षति के 511 दावों के सापेक्ष 294 दावों का सर्वे पूर्ण हो चुका है तथा शेष दावों का संयुक्त टीम द्वारा शीघ्र सर्वे कराया जाएगा। रबी सत्र के लिए मिनीकिट बीज की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा की जानकारी भी दी गई।
यह भी पढ़े : राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बांदा में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के लिए आंतरिक हैकाथॉन का सफल आयोजन
कृषि यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत ई-लॉटरी से चयनित कृषकों को जिलाधिकारी द्वारा चयन पत्र एवं कृषि यंत्रों की चाभी वितरित की गई। इस अवसर पर नत्थू राम, महेश्वरी, जगदीश, लवलेश एवं मान सिंह सहित चयनित कृषक उपस्थित रहे। डीएम ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में औसत वर्षा की तुलना में लगभग 10 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। जबकि जनपद चित्रकूट में औसत से लगभग 70 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अतिवृष्टि के कारण तिल, ज्वार, बाजरा एवं अरहर की फसलों में अधिक क्षति हुई है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रभावित कृषकों को नियमानुसार शीघ्र राहत एवं क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। एडीएम ने बताया कि अतिवृष्टि एवं बाढ़ से हुई फसल क्षति के संबंध में अब तक 1,818 लाभार्थियों का डाटा पोर्टल पर फीड किया जा चुका है तथा 1,048.858 हेक्टेयर प्रभावित क्षेत्रफल दर्ज किया गया है। किसान दिवस में उपस्थित कृषकों से छूटे हुए अथवा अवशेष प्रभावित ग्रामों की जानकारी प्राप्त की गई। डीएम ने ऐसे ग्रामों का सर्वे शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़े : यूपी परिवहन निगम का बड़ा फैसला : अब सीधे अनुबंध पर रखे जाएंगे आउटसोर्स परिचालक
आवारा गोवंश की समस्या के समाधान के लिए डीएम ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा जितेन्द्र सिंह को सभी निराश्रित गोवंश को गोआश्रय स्थलों में संरक्षित कराने के निर्देश दिए। विद्युत संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड राजापुर एवं कर्वी को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र अवगत कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला विकास अधिकारी महिमा विद्यार्थी, भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष तीरथ पटेल, शैलेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कृषक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
