यूपी परिवहन निगम का बड़ा फैसला : अब सीधे अनुबंध पर रखे जाएंगे आउटसोर्स परिचालक

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने आउटसोर्स के माध्यम से कार्यरत परिचालकों को सीधे अपने अनुबंध पर रखने का फैसला किया है...

Sep 16, 2026 - 14:46
Sep 16, 2026 - 14:51
 0  15
यूपी परिवहन निगम का बड़ा फैसला : अब सीधे अनुबंध पर रखे जाएंगे आउटसोर्स परिचालक

1 नवंबर से बदलेगी व्यवस्था, आउटसोर्स परिचालकों को सीधे संविदा पर लेने की तैयारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने आउटसोर्स के माध्यम से कार्यरत परिचालकों को सीधे अपने अनुबंध पर रखने का फैसला किया है। पहले चरण में मौजूदा आउटसोर्स परिचालकों को इस व्यवस्था का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए परिचालकों का सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य होगा।

निगम की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार, कदाचार या भ्रष्टाचार के मामलों में एजेंसी को वापस न किए गए परिचालक भी निर्धारित शर्तों के तहत सीधे अनुबंध के लिए पात्र होंगे। सीधे अनुबंध पर आने के लिए परिचालकों को सिक्योरिटी राशि यानी प्रतिभूति राशि जमा करनी होगी।

नई व्यवस्था में आउटसोर्स सेवा के दौरान मिलने वाले पिछले लाभ लागू नहीं होंगे, जबकि निगम की ओर से निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिन परिचालकों की एजेंसी से अनुबंध अवधि 31 अक्टूबर को समाप्त होगी, उन्हें 1 नवंबर से संविदा पर कार्य करने का अवसर दिया जाएगा। इसी तरह 31 जनवरी को एजेंसी अनुबंध समाप्त होने वाले परिचालकों को 1 फरवरी से संविदा पर लिया जाएगा।

परिवहन निगम ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्धारित प्रक्रिया समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही वेतन, ईपीएफ, ईएसआई और जीएसटी सहित अन्य बकाये का समय से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रतिभूति राशि वापस कर परिचालक को एनओसी और अदेयता प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0