डीएम ने सीएम अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय एवं इंग्लिश मीडियम स्कूल का किया निरीक्षण
डीएम पुलकित गर्ग ने कार्यदायी संस्था (सी-डीएस) कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज द्वारा 137.84 लाख की लागत से निर्मित मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय...
कहा कि रेनोवेशन व निर्माण कार्य की गुणवत्ता से नहीं कोई समझौता
चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग ने कार्यदायी संस्था (सी-डीएस) कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज द्वारा 137.84 लाख की लागत से निर्मित मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय खोह का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने विद्यालय परिसर की साफ सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि विद्यालय में साफ सफाई सहित सभी आवश्यक कार्य तत्काल पूर्ण कराते हुए शीघ्र हैंडओवर की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। ताकि विद्यालय में पठन पाठन का कार्य प्रारंभ कराया जा सके।
इसके उपरांत डीएम ने समीप स्थित इंग्लिश मीडियम स्कूल, खोह में सीएनडीएस द्वारा कराए जा रहे रिनोवेशन कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा इंगित की गई कमियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कर विद्यालय को हैंडओवर किया जाए। उन्होंने टाइल्स पर लगे पेंट को अच्छी तरह साफ कराने तथा छतों एवं दीवारों पर सीलन की स्थिति की जांच कर आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य से वर्तमान में पंजीकृत छात्र-छात्राओं की संख्या की जानकारी ली। प्रधानाचार्य द्वारा अवगत कराया गया कि विद्यालय में वर्तमान में 153 बच्चों का पंजीकरण कराया गया है। विद्यालय परिसर में स्थित पुरानी इमारत का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि भवन के द्वार को बंद कराया जाए। ताकि बच्चे भवन के ऊपर न चढ़ सकें और किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। उन्होंने उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि पुरानी इमारत तथा आसपास की भूमि पर अतिक्रमण कर गाय बांधे जाने की स्थिति की जांच कर भूमि का अभिलेखीय सत्यापन कराया जाए।
डीएम ने विद्यालय की पुरानी बाउंड्रीवाल की मरम्मत कराने तथा जहां बाउंड्रीवाल की ऊंचाई कम है, वहां लोहे की ग्रिल लगवाने के निर्देश दिए। जिससे विद्यालय परिसर में अनधिकृत प्रवेश को रोका जा सके। प्रधानाचार्य ने अवगत कराया कि विद्यालय में लगे पंखे एवं नलों की टोटियां आदि चोरी हो जाती हैं। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि चोरी की घटनाओं के संबंध में संबंधित के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए तथा विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। कहा कि विद्यालयों में कराए जा रहे निर्माण एवं रिनोवेशन कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कराकर समयबद्ध रूप से हैंडओवर सुनिश्चित किया जाए। ताकि छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी रंजना शुक्ला, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
