सीएम योगी के बांदा दौरे पर 709 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात, तैयारियां अंतिम चरण में
सदर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक प्रकाश द्विवेदी के प्रयासों से लगभग 171 करोड़ रुपये की लागत से 45 विकास कार्य पूरे हो चुके हैं...
45 विकास कार्यों का होगा लोकार्पण, 120 नई परियोजनाओं का शिलान्यास
प्रशासन अलर्ट, विरोध की आशंका पर 40 लोगों को नजरबंद करने की तैयारी
बस स्टैंड को लेकर सपा विधायक ने उठाए सवाल
बांदा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित बांदा दौरे के दौरान जनपद को 709 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 229 विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। इनमें विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
सदर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक प्रकाश द्विवेदी के प्रयासों से लगभग 171 करोड़ रुपये की लागत से 45 विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, जिनका लोकार्पण प्रस्तावित है। वहीं करीब 425 करोड़ रुपये की लागत से 40 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।
बबेरू विधानसभा क्षेत्र में 65 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 64 विकास कार्यों का लोकार्पण प्रस्तावित है। इसके अलावा लगभग 47 करोड़ रुपये की लागत से 80 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास भी कार्यक्रम में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और सत्तारूढ़ दल के जनप्रतिनिधियों के बीच देर रात तक समीक्षा बैठक चली, जिसमें सुरक्षा, यातायात, कार्यक्रम स्थल और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
इधर, पुलिस प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान संभावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है। प्रशासन ने ऐसे करीब 40 लोगों को चिन्हित किया है, जो पेपर लीक, लेखपाल भर्ती, यूपीएसआई स्कोरकार्ड और अधिवक्ता की मौत जैसे मुद्दों पर ज्ञापन देने अथवा प्रदर्शन की तैयारी में बताए जा रहे हैं। पुलिस इनके विरुद्ध एहतियातन नजरबंदी (हाउस अरेस्ट) की तैयारी कर रही है।
वहीं, बबेरू से समाजवादी पार्टी के विधायक विशंभर यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री द्वारा घोषित बबेरू बस स्टैंड का निर्माण आज तक पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने सवाल उठाया कि अधूरी घोषणाओं के बीच नए शिलान्यास और लोकार्पण का क्या औचित्य है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिले में विकास योजनाओं के साथ-साथ राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। प्रशासन सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सतर्क है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
