ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में अर्श-सौरव की जोड़ी बनी चैंपियन
Yonex सनराइज डॉ. अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश के अर्श मोहम्मद...
पुरुष युगल में उत्तर प्रदेश, बाँदा के अर्श मोहम्मद और छत्तीसगढ़ के सौरव साहू ने जीता खिताब, महिला एकल में जिया रावत और पुरुष एकल में गिनपॉल सोना विजेता
लखनऊ। Yonex सनराइज डॉ. अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश के अर्श मोहम्मद और छत्तीसगढ़ के सौरव साहू ने शानदार तालमेल और सटीक खेल का प्रदर्शन करते हुए पुरुष युगल का खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं पुरुष एकल में दिल्ली के गिनपॉल सोना और महिला एकल में हरियाणा की जिया रावत ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
भारतीय बैडमिंटन संघ (BAI) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से आयोजित 10 लाख रुपये की इनामी राशि वाली प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले सोमवार को बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी, गोमतीनगर में खेले गए।
अर्श-सौरव ने कर्नाटक की जोड़ी को दी शिकस्त
पुरुष युगल के फाइनल में सातवीं वरीयता प्राप्त अर्श मोहम्मद और सौरव साहू ने कर्नाटक के सुमित एआर और आर्या टी को सीधे गेमों में 15-7, 15-12 से पराजित कर खिताब जीता।
अर्श और सौरव ने शुरुआत से ही बेहतर तालमेल, सटीक शॉट और उम्दा सर्विस के दम पर प्रतिद्वंद्वी जोड़ी पर दबाव बनाए रखा। पहले गेम में उन्होंने कर्नाटक की जोड़ी को संभलने का मौका नहीं दिया और 15-7 से जीत दर्ज की।
दूसरे गेम में सुमित और आर्या ने वापसी की कोशिश करते हुए कुछ शानदार शॉट लगाए, लेकिन अहम मौकों पर अर्श-सौरव ने धैर्य बनाए रखा। 12-12 की बराबरी के बाद लगातार तीन अंक जुटाकर 15-12 से गेम जीतते हुए खिताब पर कब्जा कर लिया।
अर्श और सौरव की यह नई जोड़ी है। इससे पहले दोनों चेन्नई में आयोजित ऑल इंडिया टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचे थे। अर्श इससे पहले राजस्थान के संस्कार के साथ जोड़ी बनाकर 2024 में सीनियर नेशनल और जूनियर नेशनल खिताब जीत चुके हैं। वहीं 2022 में थाईलैंड में आयोजित एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप (ABC) के अंडर-17 वर्ग में उपविजेता रहे थे।
महिला एकल में जिया रावत ने मारी बाजी
महिला एकल के फाइनल में तीसरी वरीय हरियाणा की जिया रावत ने चौथी वरीय छत्तीसगढ़ की रिजुल सैनी को 15-12, 12-15, 15-11 से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
जिया ने पहला गेम जीतकर बढ़त बनाई, लेकिन दूसरे गेम में रिजुल ने वापसी करते हुए मुकाबला बराबर कर दिया। निर्णायक तीसरे गेम में जिया ने अहम मौकों पर अंक जुटाकर खिताब जीत लिया।
पुरुष एकल में गिनपॉल सोना चैंपियन
पुरुष एकल के फाइनल में तीसरी वरीय दिल्ली के गिनपॉल सोना ने दूसरी वरीय हरियाणा के रवि को 15-13, 15-9 से पराजित किया। दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबले में हर अंक के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। गिनपॉल ने पहले गेम में महत्वपूर्ण मौकों पर बढ़त बनाई और दूसरा गेम भी अपने नाम कर विजेता ट्रॉफी जीत ली।
मिश्रित और महिला युगल के परिणाम
मिश्रित युगल के फाइनल में दिल्ली के भव्य छाबड़ा और उत्तराखंड की अदिति भट्ट की क्वालीफायर जोड़ी ने तमिलनाडु के संजय श्रीवत्स टी और आद्या वरियानाथ को 15-13, 15-9 से हराकर खिताब जीता।
महिला युगल में चौथी वरीय उत्तराखंड की अदिति भट्ट और महाराष्ट्र की श्रवाणी वालेकर ने दूसरी वरीय केरल की नयना एस. ओएसिस और तमिलनाडु की वर्षिनी विश्वनाथ को 15-10, 15-8 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विराज सागर दास, चेयरमैन एवं पूर्व प्रसार भारती अध्यक्ष डॉ. नवनीत सहगल तथा सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
अध्यक्ष विराज सागर दास ने कहा कि अर्श मोहम्मद ने पुरुष युगल में खिताब जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। अर्श और सौरव ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार तालमेल के साथ प्रदर्शन किया और फाइनल में भी बेहतरीन खेल दिखाया। इस तरह की सफलताएं प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।
चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल ने अर्श मोहम्मद को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में खिताब जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि है और अर्श ने अपने प्रदर्शन से इसे साबित किया है।
इस अवसर पर एजीए उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. आलोक सरन, एडवोकेट, उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अरुण कक्कड़, कोषाध्यक्ष रविंद्र चौहान, संयुक्त सचिव गौरव खन्ना, एफओपी इंचार्ज डॉ. योगेश शेट्टी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
