स्वच्छ एवं हरित विद्यालय सर्वेक्षण में चित्रकूट का परचम, गढ़चपा विद्यालय ने प्रदेश में पाया तीसरा स्थान
स्वच्छ एवं हरित विद्यालय सर्वेक्षण में जनपद चित्रकूट के मानिकपुर क्षेत्र स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़चपा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय...
राष्ट्रीय स्तर पर 27वीं रैंक हासिल कर जिले का बढ़ाया मान, शिक्षकों के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता
चित्रकूट। स्वच्छ एवं हरित विद्यालय सर्वेक्षण में जनपद चित्रकूट के मानिकपुर क्षेत्र स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़चपा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर 27वां तथा उत्तर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि शिक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में विद्यालय की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का प्रमाण है।
स्वच्छ एवं हरित विद्यालय पुरस्कार के लिए देशभर के विद्यालयों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले विद्यालयों का केंद्र सरकार द्वारा नामित राष्ट्रीय टीम ने भौतिक सत्यापन किया। सत्यापन के बाद उत्तर प्रदेश से केवल चार विद्यालयों का चयन किया गया, जिनमें उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़चपा ने प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया।
मानिकपुर ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्र में स्थित यह विद्यालय प्रधानाध्यापक हरिशंकर तिवारी एवं सहयोगी शिक्षकों के सतत प्रयासों के कारण लगातार उपलब्धियां प्राप्त कर रहा है। वर्ष 2017 में विद्यालय ने जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था, जबकि वर्ष 2022 में प्रदेश स्तर पर तीसरे स्थान का सम्मान हासिल कर चुका है।
विद्यालय की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रंजना शुक्ला, खंड शिक्षा अधिकारी मानिकपुर मिथिलेश कुमार सहित जिले के समस्त खंड शिक्षाधिकारियों एवं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश पांडेय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय परिवार को बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिले के अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी तथा शिक्षा के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
