बढ़ती बंदी संख्या और सुरक्षा के मद्देनजर योगी सरकार की पहल, अक्टूबर 2026 तक पूरा होगा कार्य
बांदा। बंदियों की बढ़ती संख्या और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बांदा मंडल कारागार में आधुनिक बैरकों का निर्माण कराया जा रहा है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर यहां 30-30 बंदियों की क्षमता वाली 4 नई बैरकें बनाई जा रही हैं।
इन बैरकों का निर्माण 4 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड (UPRNSS) द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण कार्य का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है और इसे अक्टूबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बंदियों का दबाव होगा कम, संवेदनशील अपराधियों को अलग स्थान
मंडल कारागार में लगातार बढ़ रहे बंदियों के दबाव को कम करने और संवेदनशील अपराधियों को अलग एवं सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
परियोजना के तहत दो मंजिला दो भवन बनाए जा रहे हैं, जिनमें कुल 4 बैरकें होंगी। साथ ही सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के लिए बैरकों के बाहर 85 मीटर लंबी नई सर्किल वॉल का निर्माण भी कराया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इन बैरकों के तैयार होने के बाद कारागार में भीड़भाड़ की समस्या में राहत मिलेगी।
20 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण
UPRNSS के अपर परियोजना प्रबंधक आयुष सोमवंशी ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से जारी है और लगभग 20 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। वर्तमान में दीवारों का निर्माण किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त बंदियों के स्नान के लिए अलग प्लेटफॉर्म भी तैयार किया जा रहा है। 85 मीटर लंबी सर्किल वॉल का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
कारागार प्रशासन का कहना है कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई बैरकें बनने के बाद न केवल बंदियों को बेहतर व्यवस्था मिलेगी, बल्कि सुरक्षा मानकों में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।