यातायात माह : जागरूकता रैली को डीएम-एसपी ने हरी झंडी दिखा कर किया शुभारंभ

सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक, यातायात नियमों के पालन को प्रोत्साहित तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सोमवार...

Nov 3, 2026 - 10:05
Nov 3, 2026 - 10:05
 0  2
यातायात माह : जागरूकता रैली को डीएम-एसपी ने हरी झंडी दिखा कर किया शुभारंभ

छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने रैली के माध्यम से दिया सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन का संदेश

चित्रकूट। सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक, यातायात नियमों के पालन को प्रोत्साहित तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सोमवार को पुराने बस स्टैंड कर्वी से यातायात माह नवंबर का शुभारंभ किया गया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम पुलकित गर्ग एवं एसपी अरुण कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद आरके पटेल, भैरों प्रसाद मिश्रा, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, जिला सहकारी बैंक चित्रकूट बांदा के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर डीएम ने कहा कि जनपद में प्रतिवर्ष लगभग 10 हजार नए वाहन पंजीकृत अथवा सड़कों पर संचालित होने से यातायात का दबाव बढ़ रहा है। ऐसी स्थिति में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और इन प्रयासों को सफल बनाने के लिए आमजन का सहयोग भी अत्यंत आवश्यक है।

डीएम ने कहा कि जनपद में माह जनवरी से सितंबर तक घटित सड़क दुर्घटनाओं का जनपदवार, वर्षीय तुलनात्मक में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या 2025 में 284 और 2026 मे 240 कमी 15.78 प्रतिशत एवं मृतकों की संख्या 2025 में 148 और 2026 में 136 कमी 8.01 प्रतिशत, सड़क दुर्घटना में घायलों की संख्या 2025 में 290 एवं 2026 में 223 इस प्रकार 23.10 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे अपने परिवार के सदस्यों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें। जब भी उनके माता पिता या परिवार के अन्य सदस्य दोपहिया वाहन से घर से निकलें, तो उन्हें हेलमेट पहनने के लिए अवश्य कहें। इसी प्रकार चारपहिया वाहन में यात्रा करते समय सीट बेल्ट का प्रयोग सुनिश्चित करें।

डीएम ने कहा कि तेज गति से वाहन चलाना बहादुरी नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों के जीवन को खतरे में डालना है। वास्तविक समझदारी संयमित एवं सुरक्षित वाहन संचालन में है। उन्होंने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। एसपी अरुण कुमार सिंह ने यातायात नियमों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने दो पहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन चालकों एवं यात्रियों से सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा नशे की स्थिति में वाहन न चलाने की अपील की। साथ ही यातायात संकेतों एवं सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने पर विशेष जोर दिया। यातायात माह नवंबर के अंतर्गत जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर वाहन चालकों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय, क्षेत्राधिकारी नगर सत्येंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात करिश्मा गुप्ता, यातायात प्रभारी हरिराम यादव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्वी अभयराज सिंह सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। अपील की गई कि सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें। स्वयं सुरक्षित रहें तथा दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। सावधानीपूर्ण निर्णय किसी का जीवन बचा सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0