जनगणना के लिए तीन दिवसीय 38 फील्ड ट्रेनरो के प्रशिक्षण का हुआ शुभारंभ
डायट शिवरामपुर में भारत की जनगणना के द्वितीय चरण जनसंख्या की गणना के लिए तीन दिवसीय 38 फील्ड ट्रेनरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का...
चित्रकूट। डायट शिवरामपुर में भारत की जनगणना के द्वितीय चरण जनसंख्या की गणना के लिए तीन दिवसीय 38 फील्ड ट्रेनरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सीडीओ डीपी पाल, एडीएम चन्द्रशेखर एवं प्राचार्य डायट बीके शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय के सांख्यिकीय अन्वेषक एवं जिला प्रभारी अमित कुमार पटेल तथा डायट की वरिष्ठ प्रवक्ता नीलम यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस गणना प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए संदर्भदाता के रूप में गीत श्रीवास्तव एवं साकेतबिहारी शुक्ल को शामिल किया गया है जो फील्ड ट्रेनरों को तकनीकी व व्यावहारिक पहलुओं का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।
अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी सीडीओ डीपी पाल ने कहा कि जनगणना राष्ट्र के विकास, योजनाओं के सटीक क्रियान्वयन एवं नीति निर्धारण की सबसे मजबूत नींव होती है। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या की सही गणना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी फील्ड ट्रेनरों से पूरे मनोयोग, गंभीरता और सटीकता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया। ताकि धरातल पर गणना का कार्य बिना किसी त्रुटि के सुगमता से संपन्न कराया जा सके। जिला जनगणना अधिकारी एडीएम चन्द्रशेखर ने कहा कि गृह मंत्रालय एवं जनगणना कार्य निदेशालय के दिशा निर्देशानुसार जिले के 38 फील्ड ट्रेनरों का यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जानकारी दी कि यह डिजिटल एवं आधुनिक तकनीकों से युक्त गणना प्रक्रिया है। जिसके तहत स्व गणना की अवधि 16 से 30 नवंबर तथा मुख्य जनसंख्या की गणना 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक निर्धारित की गई है। इसके पश्चात पुनरीक्षण अवधि 5 से 9 जनवरी तक रहेगी तथा संदर्भ समय 5 जनवरी को मध्यरात्रि तक माना जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं ट्रेनरों को इस राष्ट्रीय दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा से करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण स्थल पर आधुनिक प्रोजेक्टर एवं उत्तम व्यवस्थाओं के साथ 38 मास्टर ट्रेनरों, फील्ड ट्रेनरों को तकनीकी सत्रों के माध्यम से विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह पूरा कार्यक्रम चलो मिलकर अपनी जिम्मेदारी करें, जनगणना में भागीदारी करें, हर शहर, हर ग्राम, छूटे न कोई नाम के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
