सती अनुसूया मोड़ पर अनियंत्रित कार दुर्घटनाग्रस्त, सभी श्रद्धालु सुरक्षित
चित्रकूट थाना क्षेत्र के अंतर्गत सती अनुसूया मोड़ के पास बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया...
चित्रकूट। चित्रकूट थाना क्षेत्र के अंतर्गत सती अनुसूया मोड़ के पास बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज गति में थी, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार पलट गई। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आसपास मौजूद राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। सभी श्रद्धालुओं को मामूली चोटें और खरोंचें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और राहत कार्य में जुटे लोगों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। वहीं पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक एवं नियंत्रित गति में वाहन चलाने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
1
Wow
0
