कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी पर अशोभनीय टिप्पणी करने पर कांग्रेस ने दी तहरीर
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सीमा खान ने मंगलवार को शहर कोतवाली के प्रभारी पंकज कुमार सिंह को तहरीर देकर कांग्रेस की नेता और सांसद प्रियंका..

बांदा, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सीमा खान ने मंगलवार को शहर कोतवाली के प्रभारी पंकज कुमार सिंह को तहरीर देकर कांग्रेस की नेता और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ भाजपा नेता और दिल्ली विधानसभा से प्रत्याशी पूर्व सांसद रमेश चंद्र बिधूड़ी द्वारा की गई टिप्पणी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
पेशे से अधिवक्ता जिला कांग्रेस महिला अध्यक्ष श्रीमती सीमा खान ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 5 जनवरी 2025 को दिल्ली की एक सार्वजनिक सभा के दौरान रमेश चंद्र बिधूड़ी जो भाजपा के पूर्व सांसद हैं तथा वर्तमान में वह दिल्ली विधानसभा के प्रत्याशी हैं। इन्होंने कांग्रेस पार्टी की नेता एवं सांसद श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ अत्यंत अपमानजनक आपत्तिजनक एवं अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया है। इन्होंने अपने भाषण में कहा है कि मैं प्रियंका गांधी के गालों के जैसी सड़क बनवा दूंगा। यह भाषा अश्लीलता से भरी हुई है तथा विधूड़ी के आचरण को इंगित करती है।
प्रियंका गांधी के लिए अभद्र टिप्पणी कर विधूड़ी ने देश की महिलाओं का अपमान किया है। देश की महिलाएं इससे आहत हैं, हम कांग्रेस जन भी आहत हैं। रमेश चंद्र विधूड़ी के खिलाफ 79 बीएनएस (धारा 509 के समकक्ष) तुरंत एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। साथ ही मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाए और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में विधूडी या किसी अन्य राजनीतिक नेता द्वारा इस तरह का आचरण न दोहराया जाए, महिलाओं की इज्जत आबरू का ख्याल रखा जाए।
What's Your Reaction?






