चित्रकूट में दीपावली पर दिखेगा रामायण का अद्भुत डिजिटल संसार

भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास काल के साढ़े ग्यारह वर्षों का साक्षी रहा पावन चित्रकूट इस बार दीपावली पर भव्य आयोजन...

Oct 5, 2026 - 19:32
Oct 5, 2026 - 19:40
 0  4
चित्रकूट में दीपावली पर दिखेगा रामायण का अद्भुत डिजिटल संसार
AI Generated IMAGE

ड्रोन-लेजर शो में आकाश पर जीवंत होंगे राम के वनगमन, चित्रकूट आगमन और भरत मिलाप के प्रसंग; 7 एलईडी गेट, 10 सेल्फी प्वाइंट और 9 सांस्कृतिक मंच होंगे आकर्षण

चित्रकूट। भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास काल के साढ़े ग्यारह वर्षों का साक्षी रहा पावन चित्रकूट इस बार दीपावली पर भव्य आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप चित्रकूट को अयोध्या और काशी की तर्ज पर बड़े पर्यटन एवं आस्था केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में इस बार दीपावली मेले को आधुनिक तकनीक और बुंदेली लोक संस्कृति के संगम से सजाया जा रहा है।

आकाश में जीवंत होगी रामायण

इस बार दीपावली मेले का प्रमुख आकर्षण रामायण थीम पर आधारित अत्याधुनिक ड्रोन और लेजर शो होगा। चित्रकूट में पहली बार होने जा रहे इस हवाई प्रदर्शन की जिम्मेदारी तकनीक कंपनी ‘बोटलैब’ को दी गई है। कंपनी इससे पहले अयोध्या के दीपोत्सव और वाराणसी में भी ऐसे आयोजन कर चुकी है।

जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की देखरेख में ड्रोन शो के लिए स्थान का चयन किया जा रहा है। शो के दौरान चित्रकूट के आकाश में रंग-बिरंगी रोशनी के जरिए भगवान श्रीराम के वनगमन, चित्रकूट आगमन, महर्षि अत्रि एवं माता अनसूया से भेंट और भरत मिलाप जैसे प्रसंगों को प्रदर्शित किया जाएगा। लेजर लाइट, वॉयस ओवर और भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को रामायण के प्रसंगों की भावनात्मक अनुभूति कराने की तैयारी है।

7 एलईडी गेट और 10 सेल्फी प्वाइंट से सजेगा मेला क्षेत्र

दीपावली मेले के दौरान चित्रकूट के प्रमुख मार्गों और मेला क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। मुख्य प्रवेश मार्गों पर 7 विशाल एलईडी प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही चित्रकूटधाम के 6 प्रमुख चौराहों को विशेष लाइटिंग और थीम आधारित कलाकृतियों से सजाया जाएगा।

स्थानीय बुंदेली संस्कृति और लोक कलाओं को मंच देने के लिए मेला क्षेत्र में 9 सांस्कृतिक मंच बनाए जाएंगे। इन पर क्षेत्रीय कलाकार लोक संस्कृति और भक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं युवाओं और पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए रामायण एवं भक्ति थीम पर आधारित 10 विशेष सेल्फी प्वाइंट भी विकसित किए जा रहे हैं।

50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

चित्रकूट उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश दोनों राज्यों में फैला हुआ है। ऐसे में दीपावली मेले के दौरान दोनों राज्यों का प्रशासन सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं में समन्वय करेगा। इस बार 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मेला क्षेत्र, कामदगिरि परिक्रमा मार्ग और मंदाकिनी के घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

पुलिस बल के साथ एटीएस और सादे कपड़ों में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए भी निगरानी की व्यवस्था रहेगी।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगरपालिका चित्रकूटधाम कर्वी की ओर से 12 बड़े पार्किंग स्थल और बिछड़े लोगों को उनके परिजनों से मिलाने के लिए 6 खोया-पाया केंद्र बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा 24 घंटे बिजली, शुद्ध पेयजल और घाटों की सफाई के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

951 करोड़ की 124 विकास परियोजनाओं का मिला लाभ

हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट और मानिकपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 951 करोड़ रुपये की लागत वाली 124 विकास परियोजनाओं की सौगात दी थी। इन परियोजनाओं से सड़क, स्वास्थ्य, पुल और पर्यटन से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की बात कही गई है।

दीपावली पर रामघाट, भरतघाट और राघव प्रयाग घाट लाखों दीपों से जगमगाने की तैयारी है। आधुनिक तकनीक, धार्मिक आस्था और बुंदेली लोक संस्कृति के इस संगम के चलते इस बार चित्रकूट की दीपावली को खास बनाने की तैयारी की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0