इंटरनेशनल ट्रेड शो में छाया बांदा का सोहन हलवा, 60 किलो मिठाई हाथों-हाथ बिकी
ग्रेटर नोएडा में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो में बांदा के प्रसिद्ध सोहन हलवे ने अपनी मिठास से देशी ही नहीं, विदेशी मेहमानों का भी दिल जीत लिया...
जापान और नाइजीरिया के खरीदारों ने भी चखा बुंदेली स्वाद, दीपावली के लिए ऑनलाइन ऑर्डर की जताई इच्छा
बांदा। ग्रेटर नोएडा में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो में बांदा के प्रसिद्ध सोहन हलवे ने अपनी मिठास से देशी ही नहीं, विदेशी मेहमानों का भी दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की योजना ‘एक जनपद एक व्यंजन’ में शामिल बांदा के इस पारंपरिक पकवान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर खूब सराहना मिली। प्रदर्शनी में इसकी जमकर खरीदारी भी हुई।
विदेशी मेहमानों को पसंद आया बुंदेली स्वाद
इंटरनेशनल ट्रेड शो के हॉल नंबर 16 में स्टॉल संख्या 7/4 पर बांदा के व्यवसायी दीपक सोनी ने सोहन हलवे का स्टॉल लगाया था। उन्होंने बताया कि पारंपरिक मिठाई को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया था। इसका स्वाद चखने के लिए देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी लोग पहुंचे।
दीपक सोनी के मुताबिक, जापान, नाइजीरिया समेत कई देशों के खरीदारों ने उनके स्टॉल पर पहुंचकर सोहन हलवे का स्वाद लिया। विदेशी मेहमानों ने मिठाई की सराहना की और खरीदारी भी की।
यह भी पढ़े : बांदा का शजर पत्थर इंटरनेशनल ट्रेड शो में बिखेर रहा चमक, विदेशी मेहमान भी हुए मुरीद
60 किलो हलवे की बिक्री, करीब 50 हजार रुपये की कमाई
दीपक सोनी ने बताया कि वह बांदा से लगभग 60 किलोग्राम सोहन हलवा लेकर ग्रेटर नोएडा पहुंचे थे। ट्रेड शो में इसकी मांग इतनी रही कि आयोजन समाप्त होने से पहले ही पूरा स्टॉक बिक गया। उन्होंने प्रदर्शनी के माध्यम से करीब 50 हजार रुपये की बिक्री की।
कई बड़े खरीदारों और रिटेलर्स ने भी स्टॉल का दौरा किया। उन्होंने सोहन हलवे की गुणवत्ता की सराहना करते हुए भविष्य में व्यापारिक साझेदारी की संभावनाओं में रुचि दिखाई।
दीपावली पर ऑनलाइन ऑर्डर की तैयारी
ट्रेड शो में सोहन हलवे का स्वाद चखने वाले कई ग्राहकों ने आगामी दीपावली के लिए मिठाई मंगवाने की इच्छा जताई। कुछ खरीदारों ने दीपक सोनी से मोबाइल नंबर लेकर त्योहार पर बांदा का सोहन हलवा मंगवाने की बात कही। इससे स्थानीय उत्पाद की ऑनलाइन बिक्री की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।
यह भी पढ़े : यूपी : ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में अर्श-सौरव की जोड़ी बनी चैंपियन
मुफ्त स्टॉल की सुविधा के लिए जताया आभार
व्यवसायी दीपक सोनी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की ओर से उन्हें इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर मुफ्त स्टॉल लगाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों के लिए इतने बड़े आयोजन में अपने उत्पाद को प्रदर्शित करना बड़ी बात है।
दीपक सोनी के अनुसार, इस पहल से बांदा के पारंपरिक व्यंजन को व्यापक पहचान मिली और स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिला। इंटरनेशनल ट्रेड शो में मिली प्रतिक्रिया से सोहन हलवे के कारोबार को आगे बढ़ाने की नई संभावनाएं बनी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
