क्या विधायक के हस्तक्षेप से रुक पाएगी राइफल क्लब मैदान की नीलामी?

शहर के ऐतिहासिक राइफल क्लब खेल मैदान को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर aतेज हो गया है...

Jan 6, 2026 - 20:55
Jan 6, 2026 - 22:06
 0  237
क्या विधायक के हस्तक्षेप से रुक पाएगी राइफल क्लब मैदान की नीलामी?

बांदा। शहर के ऐतिहासिक राइफल क्लब खेल मैदान को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर तेज हो गया है। इस मैदान की प्रस्तावित नीलामी के खिलाफ अब बांदा सदर से विधायक प्रकाश द्विवेदी खुलकर सामने आ गए हैं। विधायक ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नीलामी प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने और मैदान को खेल गतिविधियों के अनुरूप विकसित किए जाने की मांग की है।

विधायक द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि राइफल क्लब मैदान बांदा नगर का अत्यंत प्राचीन और महत्वपूर्ण खेल मैदान है, जहां अतीत में कई नामचीन और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने अभ्यास किया है। यह मैदान केवल खेल गतिविधियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यहां वर्षों से सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होता रहा है, जिससे नगरवासियों की भावनाएं इस स्थल से गहराई से जुड़ी हुई हैं।

पत्र में यह भी कहा गया है कि बांदा विकास प्राधिकरण द्वारा इस मैदान की नीलामी के लिए विज्ञापन जारी किया गया है, जिसमें नीलामी की तिथि 21 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। नीलामी की सूचना सार्वजनिक होते ही नगर में असंतोष का माहौल बन गया है और नागरिकों ने इसे शहर की ऐतिहासिक धरोहर पर खतरा बताया है।

विधायक प्रकाश द्विवेदी ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि पूरे बांदा नगर में यह मैदान खेल एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए एकमात्र बड़ा सार्वजनिक स्थल है। ऐसे में इसकी नीलामी से खिलाड़ियों के साथ-साथ आम नागरिकों की भावनाओं को गहरा आघात पहुंचेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए नीलामी प्रक्रिया रोकी जाए और इस मैदान को खिलाड़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप संरक्षित एवं विकसित किया जाए।

विधायक के इस हस्तक्षेप से राइफल क्लब मैदान को बचाने की उम्मीद एक बार फिर जगी है। अब देखना यह है कि शासन इस ऐतिहासिक मैदान को लेकर क्या निर्णय लेता है और क्या विधायक की पहल से नीलामी पर वास्तव में रोक लग पाती है या नहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0