आयुष्मान वानप्रस्थ विश्वविद्यालय ने मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
आयुष्मान वानप्रस्थ विश्वविद्यालय सामाजिक संस्थान द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मेधा सम्मान समारोह का...

जीवन में सफलता हासिल करने के लिए शिक्षा जरूरी : कृष्णा पटेल
चित्रकूट। आयुष्मान वानप्रस्थ विश्वविद्यालय सामाजिक संस्थान द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मेधा सम्मान समारोह का आयोजन चित्रकूट इंटर कॉलेज कर्वी में किया गया। समारोह की अध्यक्षता पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्र ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सांसद कृष्णा पटेल, विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री शिव शंकर सिंह पटेल, जिला अग्रणी प्रबंधक अनुराग शर्मा, डीसीबी अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, जिले के प्रमुख उद्यमी बृजेश त्रिपाठी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम संयोजक सुषमा सिंह, मुख्य संयोजक बलबीर सिंह, फूलचंद्र चंद्रवंशी, पंकज दुबे, राजेश दुबे, अनीता सिंह ने अतिथियों को सम्मानित किया। इस मौके पर यूपी बोर्ड एवं सीबीएससी बोर्ड के मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, अभिभावकों को भी सम्मान मिला।
पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्र ने कहा कि इस बार मूल्यांकन में गड़बड़ी होने की बात सामने आई है। वह इस बात को शासन प्रशासन तक पहुंचाएंगे और इस गड़बड़ी को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन सब के बावजूद बिना किसी रूकावट के कठिन परिश्रम करके अपने लक्ष्य को प्राप्त करें। प्रगति में व्यवधान आते ही रहते हैं। मुख्य अतिथि सांसद कृष्णा पटेल ने कहा कि शिक्षा ही सब कुछ है। शिक्षा से ही सब संभव है। बिना शिक्षा के इस दुनिया में किसी को कुछ हासिल होने वाला नहीं है। इसलिए सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें। माता-पिता के साथ जिले का नाम रोशन करें। कार्यक्रम में ज्ञान भारती इंटर कॉलेज के प्रबंधक एवं पूर्व प्रधानाचार्य शिवलाल सिंह राजपूत ने मूल्यांकन कार्य में गड़बड़ी किए जाने का आरोप लगाया। कहा कि जिले में इस बार चाहे जहां कापियों का मूल्यांकन हुआ हो व्यापक पैमाने पर धांधली हुई है। यही वजह है कि यहां के बच्चे उत्तर प्रदेश की मेरिट सूची में नहीं आ पाए। इसके उनके पास कई प्रमाण हैं। बहुत चिंतन मंथन के बाद उन्होंने इस बात का खुला ऐलान किया है। कहा कि वह छात्र, छात्राओं को न्याय दिलाने के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। जिले में मेधा की कमी नहीं है। सिर्फ मंच और मार्गदर्शन की जरूरत है, लेकिन सरकार की जो व्यवस्था है उसमें खोट है। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ रणवीर सिंह चौहान, शांति देवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शिवबरन त्रिपाठी, प्रबंधक सुनील कुमार सिंह, सुषमा स्वरूप इंटरनेशनल स्कूल की प्रिंसिपल अपर्णा पांडेय, सरस्वती बालिका विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रियंका द्विवेदी, सीपी सिंह आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार सिंह, रुद्र नारायण पांडेय, शिवनायक यादव, डॉ आलोक शुक्ला, तीरथ कुशवाहा, अशोक पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य काशी प्रसाद शुक्ला आदि को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर डा एसपी त्रिपाठी, लक्ष्मी देवी, अनीता सिंह, लालमन, हीरालाल सोनी, शिवशंकर शुक्ला, शक्ति प्रताप सिंह सेंगर, शंकर प्रसाद यादव आदि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?






