राइफल क्लब मैदान की नीलामी के विरोध में कांग्रेस का धरना, सियासी पारा चढ़ा
बांदा विकास प्राधिकरण द्वारा शहर के ऐतिहासिक राइफल क्लब मैदान की नीलामी को लेकर 21 जनवरी को जारी की गई सूचना के बाद जिले का सियासी माहौल...
काली पट्टी बांधकर मैदान पर जताया विरोध, खिलाड़ियों के हक में सड़क पर उतरी कांग्रेस
बांदा। बांदा विकास प्राधिकरण द्वारा शहर के ऐतिहासिक राइफल क्लब मैदान की नीलामी को लेकर 21 जनवरी को जारी की गई सूचना के बाद जिले का सियासी माहौल गरमा गया है। मैदान को बिकने से बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने मोर्चा खोलते हुए सोमवार को मैदान पर काली पट्टी बांधकर सांकेतिक धरना दिया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने नीलामी के फैसले को चिंताजनक बताते हुए कहा कि यह सीधे तौर पर खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं के भविष्य से जुड़ा मामला है। उन्होंने इसे “बिक्री नामा का खेल” करार देते हुए दो टूक कहा कि किसी भी हालत में राइफल क्लब मैदान को बिकने नहीं दिया जाएगा।
शहर में पहले से ही खेल मैदानों को लेकर जन असंतोष बना हुआ था। ऐसे में बीडीए द्वारा राइफल क्लब मैदान की नीलामी की सूचना सामने आते ही जनाक्रोश और तेज हो गया। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जिला कांग्रेस ने सोमवार को दल-बल के साथ कैंप कार्यालय से मैदान तक मार्च करते हुए विरोध दर्ज कराया। राजेश दीक्षित के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मैदान की बिक्री को अस्वीकार्य बताते हुए नीलामी निरस्त करने की मांग की।
धरने के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सत्ता पक्ष पर निशाना साधते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत के उस बयान पर तंज कसा, जिसमें उन्होंने खुद को बीडीए की नीलामी सूचना से अनजान बताया था। हालांकि, भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा भी मैदान की बिक्री पर रोक लगाने की बात कही गई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राजेश दीक्षित ने कहा कि,
“अगर नीलामी से मैदान बच गया तो भाजपा जिलाध्यक्ष का बाबूलाल चौराहे पर फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया जाएगा।”
खिलाड़ी और आम जनता भी मैदान में उतरी
इस मुद्दे पर भाजपा जिलाध्यक्ष, कांग्रेस जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संकटा प्रसाद त्रिपाठी सहित सपा नेताओं ने भी नीलामी को अनुचित बताया है। कांग्रेस के सांकेतिक धरने में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और आम नागरिक भी शामिल हुए। उनका कहना था कि राइफल क्लब मैदान का ऐतिहासिक महत्व है और इसने कई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच दिया है, ऐसे में इसकी नीलामी पूरी तरह गलत है।
वहीं, जदयू की प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल ने भी राइफल क्लब मैदान की नीलामी का कड़ा विरोध करने का ऐलान किया है। मैदान को लेकर बढ़ते राजनीतिक और जन दबाव के बीच अब सभी की निगाहें प्रशासन और विकास प्राधिकरण के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
