तिरंगे की शान में रंगा बाँदा पुलिस लाइन, वीर शहीदों को किया नमन
जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास, धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन बांदा में आयोजित हुआ...
80वें स्वतंत्रता दिवस पर बांदा पुलिस ने किया उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान
बांदा। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास, धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन बांदा में आयोजित हुआ, जहां पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने पुलिस कार्यालय में ध्वजारोहण किया। जनपद के सभी थानों, चौकियों और पुलिस कार्यालयों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा मिष्ठान वितरण किया गया।
उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित
पुलिस लाइन में आयोजित समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न पदकों एवं प्रशंसा चिह्नों से सम्मानित किया।
दीर्घ एवं सराहनीय सेवा पदक महामहिम राष्ट्रपति द्वारा सहायक रेडियो अधिकारी समर सिंह को प्रदान किया गया। वहीं गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रदत्त उत्कृष्ट सेवा पदक उपनिरीक्षक लिपिक वेद प्रकाश को दिया गया।
इसके अलावा स्वर्ण प्रशंसा चिह्न मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. मतलूब हुसैन, सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न निरीक्षक राजेश चंद्र मिश्रा एवं मुख्य आरक्षी संदीप कुमार को प्रदान किया गया। वहीं रजत प्रशंसा चिह्न आरक्षी चंदन कुमार और आरक्षी जितेंद्र कुमार को मिला।
112 के 11 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र
बेहतर रिस्पॉन्स टाइम और सराहनीय कार्य करने वाले डायल यूपी-112 के 11 पुलिसकर्मियों को मुख्यालय से प्राप्त प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित पुलिसकर्मियों में पीआरवी 8093, 5465 और 5045 के कमांडर, पायलट, सब-कमांडर एवं चालक शामिल रहे। इनमें अमन सिंह, कैलाश चंद्र, अमरेंद्र मिश्रा, रोहित कुमार, सूरज, पीयूष यादव, शिवगोपाल मिश्र, बृजपाल सिंह, मनभावन, मिथुन चक्रवर्ती और सुशील कुमार शामिल हैं।
शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का सम्मान
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को भी सम्मानित किया। उन्होंने पुलिस बल को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पुलिसकर्मियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
एसपी ने कहा कि पुलिस का कार्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और न्याय की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
