अवैध होर्डिंग्स पर विजय बहादुर पाठक और दिनेश गोयल ने उठाए सवाल
भाजपा के एमएलसी विजय बहादुर पाठक और दिनेश गोयल ने उत्तर प्रदेश में अवैध होर्डिंग्स की समस्या पर विधान परिषद...

लखनऊ। भाजपा के एमएलसी विजय बहादुर पाठक और दिनेश गोयल ने उत्तर प्रदेश में अवैध होर्डिंग्स की समस्या पर विधान परिषद में चर्चा की माँग की है। उन्होंने कहा कि अवैध होर्डिंग्स न केवल शहरों की सुंदरता को खराब कर रहे हैं, बल्कि यह नागरिकों के लिए गंभीर खतरा भी बनते जा रहे हैं।
शहर में जगह-जगह पर अवैध होर्डिंग्स लगे हुए हैं, जिनमें सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। खासकर लखनऊ जैसे महानगर में, जहाँ घरों की छतों और मुख्य चौराहों पर बड़ी संख्या में होर्डिंग्स लगे हैं। एक अनुमान के मुताबिक, अकेले लखनऊ महानगर में 1,000 से अधिक अवैध होर्डिंग्स हैं।
यह भी पढ़े : महोबा : राजमार्ग में डंपर और कार की भिडंत में गर्भवती महिला सिपाही की दर्दनाक मौत
अवैध होर्डिंग्स के खतरे
इन होर्डिंग्स को लगाने के दौरान किसी भी प्रकार की सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा जाता है। तेज हवाओं और मानसून के दौरान इनके गिरने का खतरा बना रहता है, जिससे बड़े हादसे होने की आशंका रहती है। लखनऊ के लाल कुआं क्षेत्र में अवैध होर्डिंग्स के गिरने से नुकसान की घटनाएँ पहले भी सामने आ चुकी हैं।
नगर निगम को नहीं मिलता राजस्व
विज्ञापन एजेंसियों को इन होर्डिंग्स से करोड़ों की कमाई होती है, लेकिन नगर निगम को इससे कोई राजस्व प्राप्त नहीं होता। इसके अलावा, सड़कों पर अवैध होर्डिंग्स से यातायात में बाधा उत्पन्न होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
पुणे जैसा हादसा दोहराने का खतरा
पाठक ने कहा कि एक साल पहले पुणे में ऐसा ही हादसा हुआ था, जब अवैध होर्डिंग गिरने से कई लोगों की जान चली गई थी। यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो उत्तर प्रदेश में भी ऐसे हादसों की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
यह भी पढ़े : प्रयागराज में तैनात दरोगा को बांदा में जान से मारने की धमकी
सरकार और प्रशासन पर सवाल
विजय बहादुर पाठक और दिनेश गोयल ने कहा कि प्रशासन अक्सर हादसों के बाद ही हरकत में आता है, लेकिन कार्रवाई अधूरी रह जाती है। उन्होंने इस मुद्दे पर सरकार से कड़े कदम उठाने और नगर निगम व स्थानीय निकायों की जवाबदेही तय करने की माँग की है।
What's Your Reaction?






