कालिंजर दुर्ग में 30 करोड़ की लागत से बनेगा ऋषिकुल वैदिक विलेज, अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर चमकेगा बांदा

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में स्थित ऐतिहासिक कालिंजर दुर्ग के पास जल्द ही एक बहुआयामी 'ऋषिकुल वैदिक विलेज' आकार लेगा...

Feb 17, 2026 - 15:17
Feb 17, 2026 - 15:19
 0  37
कालिंजर दुर्ग में 30 करोड़ की लागत से बनेगा ऋषिकुल वैदिक विलेज, अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर चमकेगा बांदा

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में स्थित ऐतिहासिक कालिंजर दुर्ग के पास जल्द ही एक बहुआयामी 'ऋषिकुल वैदिक विलेज' आकार लेगा। जिला पंचायत बांदा द्वारा प्रस्तावित यह 30 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर भी क्षेत्र को एक नई पहचान दिलाएगा। पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर बनने वाले इस वैदिक विलेज की खासियत यह है कि इसमें पूंजीपति, इंजीनियर, शिक्षक, वकील और आम जनमानस भी निवेश कर सकेंगे। यह परियोजना कुल छह चरणों में पूरी होगी, जिसमें प्रत्येक चरण की लागत करीब 5 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।

​जिला पंचायत के कार्याधिकारी डॉ. सुजीत कुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि कालिंजर की तलहटी में जिला पंचायत के स्वामित्व वाले 18 बीघा 10 बिस्वा भूखंड (गाटा संख्या 1082, 1083, 1084, 1088) पर यह मल्टी डायमेंशनल वैदिक वैलनेस प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। 'ए होलिस्टिक इकोसिस्टम फॉर कॉन्शियस लिविंग' के अंतर्गत बनने वाले इस प्रोजेक्ट का सर्वे कानपुर की कलिंगा आर्किटेक्चर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 25 दिसंबर 2025 को पूरा कर लिया गया है। छह चरणों में होने वाले इस प्रोजेक्ट के कार्य का अनुमोदन जिला पंचायत की आगामी बैठक में किया जाएगा।

​ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक धरोहर स्थल कालिंजर में आकार ले रही यह नई अवधारणा केवल एक पर्यटन केंद्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सचेत जीवन शैली की भावना पर आधारित एक समग्र जीवन शैली ग्राम है। इस परियोजना को प्रकृति, अध्यात्म, स्वास्थ्य और कृषि के सतत विकास के सिद्धांतों को एकीकृत करते हुए विकसित किया जा रहा है। ऋषिकुल वैदिक विलेज का पूरा मास्टर प्लान 'पंचतत्व' (पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश) के सिद्धांत पर आधारित है।

​इस भव्य विलेज में ध्यान मंडप, सरस्वती वैदिक केंद्र, नक्षत्र डेक, रेजिडेंशियल क्लस्टर, गेस्ट डवेलिंग्स, हाइड्रोथेरेपी पूल, पंचकर्म हीलिंग यूनिट, यज्ञशाला और कम्युनिटी एम्फीथिएटर का निर्माण किया जाएगा। इन सुविधाओं का उपयोग सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आयोजनों के लिए होगा। यह समग्र संरचना वैलनेस व हीलिंग टूरिज्म के क्षेत्र में कालिंजर को वैश्विक स्तर पर स्थापित करेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0