विज्ञान एवं गणित प्रदर्शनी का डायट में हुआ आयोजन
डायट में प्रशिक्षुओं के वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से विज्ञान एवं गणित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया...

चित्रकूट। डायट में प्रशिक्षुओं के वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से विज्ञान एवं गणित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में डीएलएड प्रशिक्षुओं ने मॉडल प्रदर्शित करते हुए अपनी प्रतिभा को साबित कर सभी को प्रभावित किया। प्रदर्शनी कार्यक्रम का प्रारम्भ प्राचार्य डायट डॉ. आदर्श कुमार त्रिपाठी ने दीप प्रज्जवलित कर किया। विज्ञान प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने वाले छात्र छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए प्राचार्य ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी का महत्व बच्चों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देता है। उन्हें प्रयोगों और परियोजनाओं के माध्यम से वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझने का अवसर प्रदान करता है। समस्या समाधान कौशल विकसित करता है। संस्थान की वरिष्ठ प्रवक्ता नीलम यादव ने बताया कि प्रदर्शनी में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और उनका विज्ञान के प्रति आकर्षण बढ़ाने के लिए यह जरूरी है कि उनको वैज्ञानिक गतिविधियों में प्रतिभाग कराया जाये। इस कार्यक्रम में डीएलएड बैच 2023-24 के प्रशिक्षुओं ने अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच को प्रदर्शित किया। प्रशिक्षुओं ने डीएनए मॉडल, हृदय व फेफड़ों की संरचना, अम्ल वर्षा, ऊर्जा संरक्षण, खाद्य श्रृंखला, जैव विविधता, वाटर लेवल इंडीकेटर, वर्ण विक्षेपण, पदार्थ की अवस्थाएं, प्रकाश संश्लेषण, पौधे के विभिन्न भाग, ड्रिप इरिगेशन, जोड़ मशीन, संक्रिया तुला, अंक ज्ञान, भाग मशीन आदि मॉडल्स प्रदर्शित किए। विज्ञान वर्ग में हरिओम, गोविंद, शिवपूजन, सूरज बाजपेयी, शिवसागर को प्रथम, रश्मि, रानू, वंशिका, पूजा, आस्था को द्वितीय एवं अमिता, सीमा, सृष्टि, कल्पना को तृतीय स्थान प्रदान किया गया। जबकि गणित वर्ग में धीरेंद्र कुमार को प्रथम, अनुराग, लवकुश, आयुष, हिमांशु, महेंद्र, अभिषेक को द्वितीय व प्रशिक्षु निहारिका, प्रेमा, निशा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रदर्शनी कार्यक्रम में संस्थान के सभी प्रवक्ता एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहे।
What's Your Reaction?






