मानव-वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण के लिए मंकी हैंडलिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
जनपद में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष को नियंत्रित करने के उद्देश्य से बुधवार को ब्लॉक पहाड़ी के ग्राम प्रसिधपुर में बंदर नियंत्रण ...
चित्रकूट। जनपद में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष को नियंत्रित करने के उद्देश्य से बुधवार को ब्लॉक पहाड़ी के ग्राम प्रसिधपुर में बंदर नियंत्रण एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण के लिए मंकी हैंडलिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रभागीय वनाधिकारी प्रत्यूष कटियार ने बताया कि बंदरों की बढ़ती संख्या के कारण किसानों एवं ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान एवं दैनिक जीवन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए जनपद स्तर पर समन्वित कार्ययोजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर प्रशिक्षित टीम तैयार की जा रही है। प्रशिक्षण में मथुरा से आए विशेषज्ञ मोहम्मद आरिफ ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि बंदरों से स्वयं की सुरक्षा कैसे की जाए, बिना नुकसान पहुंचाए उन्हें सुरक्षित रूप से कैसे पकड़ा जाए तथा नियंत्रण के व्यावहारिक उपाय क्या हैं। उन्होंने मौके पर लाइव प्रदर्शन कर प्रतिभागियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि अन्य जनपदों से बंदरों को लाकर क्षेत्र के जंगलों में छोड़े जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इस पर प्रभागीय वनाधिकारी ने पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक रोकथामात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
बंदर नियंत्रण के लिए रेस्क्यू वैन की व्यवस्था हेतु जिलाधिकारी से समन्वय कर आवश्यक निर्णय लिए जाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही यह भी बताया गया कि वर्तमान में वन विभाग को बंदर नियंत्रण के लिए पृथक वित्तीय प्रावधान प्राप्त नहीं है तथा शासनादेश के अनुसार ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों की भूमिका इस दिशा में महत्वपूर्ण है। भविष्य की कार्ययोजना के अंतर्गत प्रत्येक चयनित ग्राम में स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित “मंकी नियंत्रक” तैयार किए जाएंगे, जिससे कम लागत में समस्या का समाधान संभव होगा तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह, किसान सभा के अध्यक्ष, विभिन्न ब्लॉकों से ग्राम विकास विभाग के दो-दो प्रतिनिधि, प्रत्येक वन क्षेत्र (रेंज) से दो-दो प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
