सीडीओ ने दवा खाकर किया फाइलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम का शुभारंभ
जनपद में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल ने फाइलेरिया की दवा खाकर किया...
कहा कि फाइलेरिया से बचाव के लिए दवा का सेवन जरूरी
चित्रकूट। जनपद में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल ने फाइलेरिया की दवा खाकर किया। इस मौके पर सीडीओ ने कहा कि फाइलेरिया एक घातक बीमारी है। दवा का सेवन करके ही इस जानलेवा बीमारी से बचाव किया जा सकता है।
मंगलवार को विकास भवन में कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए सीडीओ ने सभी जनपदवासियों से स्वास्थ्य विभाग से गठित टीमों द्वारा गांव गांव और घर घर जाकर खिलाई जा रही दवा का सेवन कर खुद को और परिवार को फाइलेरिया से प्रतिरक्षित करने की अपील की। सीडीओ ने कहा कि भारत को फाइलेरिया जैसी जानलेवा घातक बीमारी से बचाने के लिए सरकार द्वारा 10 फरवरी से राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ भूपेश द्विवेदी ने कहा कि भारत सरकार द्वारा देश को फाइलेरिया मुक्त करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर 10 से 28 फरवरी तक फाइलेरिया उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित आशा और आंगनबाड़ी की 680 से अधिक टीमें और 129 सुपरवाइजरों द्वारा 7 लाख 80 हजार से अधिक आबादी को फाइलेरिया की दवा खिलाएगी। सीएमओ ने बताया कि दवा पूरी तरह सुरक्षित है और बीमारी से बचाव का एकमात्र विकल्प है। प्रत्येक व्यक्ति दवा का सेवन करे, और दूसरों को भी प्रेरित करे। इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जीआर रतमेले, जिला मलेरिया अधिकारी लाल साहब सिंह, सहायक मलेरिया अधिकारी आरके सिंह, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक रोहित व्यास, मलेरिया निरीक्षक ज्योति सिंह व प्रगति चंदेल आदि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
