अहिल्याबाई होल्कर का जीवन प्रेरणा का जीवंत उदाहरण : मुख्य अतिथि
अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र कोटार्य की अध्यक्षतात में सीआईसी...

जयंती वर्ष पर भाजपा नेताओं ने की संगोष्ठी
चित्रकूट। अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र कोटार्य की अध्यक्षतात में सीआईसी में संगोष्ठी हुई। इस उपलक्ष्य पर बतौर मुख्य अतिथि बबीना विधानसभा के विधायक राजीव सिंह मौजूद रहे।
संगोष्ठी में विचार रखते हुए मुख्य अतिथि बबीना विधायक ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर का जीवन प्रेरणा का जीवंत उदाहरण है। धर्म और कर्म के प्रति उनका समर्पण अनुकरणीय है। वे एक कुशल राजनयिक थी। मुगलों की अराजकता के कलंक के टीकों को पोछने और मंदिरों के जीर्णोद्धार करने का अद्वितीय कार्य किया। खण्ड-खण्ड में बंटे भारत को अखण्ड करने के लिए उन्होंने मंदिरों के जीर्णोद्धार से भारत का सांस्कृतिक पुनर्जागरण किया। राज्य का नेतृत्व, आर्थिक विकास, सांस्कृतिक पुनरूत्थान के अद्वितीय कार्य अहिल्याबाई को लोकमाता बनाता हैं। उन्होंने जो चिंतन व कार्य तत्कालीन कालखंड में किया था वही कार्य भाजपा केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की योगी सरकार कर रही है। आज भारत का आर्थिक विकास, सांस्कृतिक गौरव का पुनर्जागरण, सशक्त आत्मनिर्भर राज्य व्यवस्था का निर्धारण उनके प्रेरणास्पद विचार पर ही आधारित है। सभी को संकल्प लेना है कि भविष्य का भारत कैसा होगा उसका पुनर्निर्माण सबको मिलकर करना है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा का अभिनव प्रयास अहिल्याबाई ने किया। काशी विश्वनाथ से लेकर केदारनाथ तक अनेक मंदिरों का पुनर्निर्माण लोकमाता ने कराया। उनके प्रयासों का ही प्रतिफल है कि आज सभी ज्योतिर्लिंग पूरे वैभव के साथ खड़े हैं। पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्र ने कहा कि उनका व्यक्तित्व और कृतित्व बहुत बड़ा है। आज उनके द्वारा किए गए कार्य के आधार पर ही पूजा जाता है। पूर्व मंत्री चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि धर्म परायण महिला थी और नीति व नियमन में राज्य प्रथम के भाव से काम करती थी। जिला महामंत्री आलोक पांडेय ने संगोष्ठी की प्रस्तावना रखते हुए कहा कि लोकमाता का पथ धर्म का पथ था। भारत के सांस्कृतिक अभ्युत्थान का पुण्य स्मरण है। सब मिलकर लोकमाता के जीवन दर्शन को जन जन तक संचारित करें। यही सच्ची श्रद्धांजली होगी। संगोष्ठी का संचालन महामंत्री राजेश जायसवाल ने किया। कार्यक्रम के संयोजक बृजेश पांडेय ने आभार प्रकट किया। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी, चन्द्र प्रकाश खरे, अभियान के संयोजक हरिओम करवरिया, डीसीबी अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी भागवत त्रिपाठी, जेपी मिश्र, जगदीश गौतम, आनंद पटेल आदि भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?






