कर्मचारियों की सर्विस बुक शीघ्र दुरुस्त करें ईओ : अपर आयुक्त
अपर आयुक्त अमरपाल सिंह ने राजापुर तहसील एवं नगर पंचायत का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया...
तहसील व नगर पंचायत राजापुर का किया निरीक्षण
अधिवक्ताओं की समस्याएं सुन शीघ्र निदान का दिया भरोसा
चित्रकूट। अपर आयुक्त अमरपाल सिंह ने राजापुर तहसील एवं नगर पंचायत का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अभिलेखों की स्थिति तथा साफ सफाई व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। नगर पंचायत परिसर पहुंचने पर उप जिलाधिकारी व अधिशासी अधिकारी फूलचंद यादव, उप जिलाधिकारी न्यायिक राकेश पाठक तथा सभासद शंकर दयाल जयसवाल, तारिणी कुमार शुक्ला, ऊदल प्रसाद, देवगुलाम वर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
अपर आयुक्त ने नगर पंचायत प्रांगण में स्थापित गोस्वामी तुलसीदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय का निरीक्षण करते हुए विभिन्न अभिलेखों, सेवा पुस्तिकाओं एवं लंबित प्रकरणों की विस्तार से जांच पड़ताल की। अभिलेखों के अवलोकन के दौरान उन्होंने अद्यतन अभिलेख संधारण, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के क्रम में अपर आयुक्त ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि कर्मचारियों की सर्विस बुक शीघ्र दुरुस्त कर अद्यतन की जाए। जिससे भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक जटिलता उत्पन्न न हो। उन्होंने संग्रह कार्यालय का भी निरीक्षण किया तथा राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए 10 बड़े बकायेदारों से प्राथमिकता के आधार पर वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसील निरीक्षण के दौरान न्यायालय उप जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी न्यायिक, तहसीलदार न्यायालय एवं नायब तहसीलदार न्यायालय के सभी पटलो का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तीन सबसे पुराने वादों का विशेष रूप से अध्ययन किया तथा पांच वर्षों से लंबित मामलों के शीघ्र एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा और न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अपर आयुक्त ने निर्देशित किया कि तहसील स्तर पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए। प्रतिदिन जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी तहसील पटलो पर स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित नेम प्लेट लगाए जाने के निर्देश भी दिए।
अधिवक्ताओं के प्रतिनिधि मंडल ने अपर आयुक्त से मुलाकात कर समस्याएं रखीं। अधिवक्ता अनुज शुक्ला, विनय कुमार पाण्डेय, पुष्पेंद्र त्रिपाठी, पुष्पांजलि शुक्ला, अभिषेक चतुर्वेदी, सुशील सिंह, ने आरोप लगाया कि तहसीलदार न्यायालय में वादों के निस्तारण में अपेक्षित गति नहीं है। जिससे वादकारियों को अनावश्यक विलंब का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से दाखिल खारिज से संबंधित लंबित वादों का मुद्दा उठाते हुए नियमित सुनवाई एवं शीघ्र आदेश की मांग की। अपर आयुक्त ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी। अपर आयुक्त ने अभिलेखों, फाइलों के रखरखाव एवं साफ सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, अनुशासन बनाए रखने तथा जनहित को सर्वोपरि रखने की हिदायत दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
