रेलवे भूमि पर होगा हरित अभियान, बांदा के सात स्थानों पर वृक्षारोपण की तैयारी
उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल ने बांदा जनपद में रेलवे भूमि पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण की दिशा में पहल शुरू कर दी है। इस संबंध में झांसी मंडल के अपर मंडल रेल...
उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल ने वन विभाग को भेजा प्रस्ताव, संयुक्त व्यवहार्यता परीक्षण के बाद होगा एमओयू
बांदा। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल ने बांदा जनपद में रेलवे भूमि पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण की दिशा में पहल शुरू कर दी है। इस संबंध में झांसी मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ला ने मुख्य वन संरक्षक, झांसी को पत्र भेजकर रेलवे भूमि पर संयुक्त व्यवहार्यता (जॉइंट फीजीबिलिटी) परीक्षण कराने का अनुरोध किया है।
पत्र के अनुसार, झांसी मंडल के बांदा उपमंडल अंतर्गत रेलवे की उपलब्ध भूमि पर वृक्षारोपण के लिए सात स्थानों का चयन किया गया है। इनमें मटौंध-खैरार, खैरार-बांदा, बांदा-डिंगवाही रेलखंड, डिंगवाही, खुरहंड, अतर्रा और बदौसा स्टेशन यार्ड क्षेत्र शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर लगभग 11,100 वर्गमीटर क्षेत्र में पौधरोपण का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संयुक्त व्यवहार्यता परीक्षण के बाद उपलब्ध एवं उपयुक्त भूमि का अंतिम चयन किया जाएगा। इसके उपरांत उत्तर प्रदेश वन विभाग के साथ आपसी सहमति (एमओयू) के आधार पर वृक्षारोपण की कार्यवाही शुरू की जाएगी।
पत्र में संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर उपयुक्त भूमि का चयन करने तथा आवश्यक समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए बांदा के सहायक मंडल अभियंता एवं वरिष्ठ खंड अभियंता को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
इस पहल का उद्देश्य रेलवे परिसरों को हरित बनाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा रेलवे भूमि का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है। संयुक्त प्रक्रिया पूरी होने के बाद बांदा में रेलवे परिसर हरित पट्टी के रूप में विकसित किए जाने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
