बांदा में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, सड़क पटरी से हटाए गए अवैध कब्जे

सड़क सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बांदा नगर में रविवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया...

Jul 5, 2026 - 13:56
Jul 5, 2026 - 14:00
 0  202
बांदा में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, सड़क पटरी से हटाए गए अवैध कब्जे

पुलिस लाइन तिराहे से कालूकुंआ चौराहे तक चला विशेष अभियान, मुख्यमंत्री के संभावित दौरे से पहले शहर को बनाया जा रहा अतिक्रमण मुक्त

बांदा। सड़क सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बांदा नगर में रविवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस लाइन तिराहे से कालूकुंआ चौराहे तक सड़क पटरी पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया।

अभियान में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी श्रीचन्द्र चौधरी, नायब तहसीलदार धनंजय कुमार, यातायात प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह, एसएसआई संतोष कुमार चौधरी, यातायात पुलिस एवं भारी पुलिस बल की मौजूदगी रही। प्रशासनिक टीम ने सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की कार्रवाई की।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्रीचन्द्र चौधरी ने बताया कि सड़क सुरक्षा और जनहित को प्राथमिकता देते हुए यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे स्वयं ही सड़क पटरी से अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के संभावित बांदा दौरे को देखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार चलाया जाएगा, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था व्यवस्थित रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

गौरतलब है कि इससे पहले 3 और 4 जुलाई को अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के नेतृत्व में पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पैदल गश्त कर लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए जागरूक किया था। इस दौरान सड़क किनारे निर्माण सामग्री, डीजे वाहन एवं चार पहिया वाहन खड़े न करने तथा सब्जी विक्रेताओं को निर्धारित स्थानों पर ही दुकान लगाने की हिदायत दी गई थी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और जनहित सर्वोपरि है तथा बांदा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0