करो या मरो की भूमिका में आएं कार्यकर्ता – बी.एल. संतोष
भाजपा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बनाकर भेजे गए बी.एल. संतोष ने भाजपा और संघ की गोपनीय...
▪️ पूरे देश के तमाम मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री 1 से 3 फरवरी तक रहेंगे दिल्ली में
▪️ भाजपा के हजारों विभिन्न जातियों के प्रमुख नेताओं ने दिल्ली में डेरा डाला, प्रत्येक मंडल में होगा तीन दिन का प्रवास
▪️ भाजपा लाभार्थियों को टारगेट कर केंद्र व भाजपा-शासित राज्यों की लाभकारी योजनाओं की जानकारी देगी
अनिल शर्मा, दिल्ली...
भाजपा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बनाकर भेजे गए बी.एल. संतोष ने भाजपा और संघ की गोपनीय बैठकों में निर्देश जारी कर दिया है कि दिल्ली विधानसभा की लड़ाई हर हाल में जीतनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि वे 'करो या मरो' की भूमिका में आ जाएं।
श्री संतोष के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. बृजेश पाठक दिल्ली पहुंच गए हैं और तीन दिन तक वहीं रहेंगे। इसी तरह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन सिंह यादव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री दिल्ली में डेरा डाल चुके हैं।
श्री संतोष ने केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के मंत्रियों की दिल्ली चुनाव में ड्यूटी लगा दी है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। इसके अलावा, उन्होंने सभी सांसदों, मंत्रिपरिषद के सदस्यों, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल सहित भाजपा के राष्ट्रीय संगठन के पदाधिकारियों को 1 से 3 फरवरी तक दिल्ली प्रवास के लिए तत्काल बुला लिया है।
योजनाबद्ध रणनीति के तहत जातीय जनाधार वाले नेताओं की तैनाती
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और बिहार के विभिन्न जातियों के प्रभावशाली नेताओं को भी दिल्ली बुलाया गया है। दिल्ली विधानसभा में कुल 70 सीटें हैं, और भाजपा ने संगठनात्मक दृष्टि से एक मंडल को तीन-तीन विधानसभा क्षेत्रों में बांटा है, यानी 24 मंडलों में पूरे दिल्ली को विभाजित किया गया है। प्रत्येक मुख्यमंत्री, मंत्री, पदाधिकारी को एक-एक मंडल की जिम्मेदारी दी गई है, जहां उन्हें तीन दिनों तक प्रवास करना होगा और उसी क्षेत्र में रात्रि निवास करना होगा।
इसका उद्देश्य यह है कि मंत्री, सांसद और पार्टी पदाधिकारी अपने प्रवास के दौरान प्रत्यक्ष मतदाताओं से संपर्क करें और जनसंपर्क अभियान को मजबूत करें। इसी तरह, देश के भाजपा सांसद तीन दिनों तक अपने-अपने मंडल में रहकर अपनी जाति और बिरादरी के आधार पर मतदाताओं से संपर्क करेंगे। वे घर-घर जाकर उनसे मिलेंगे और आत्मीय संबंध स्थापित करेंगे।
दक्षिण भारतीय मतदाताओं पर विशेष फोकस
दक्षिण भारतीय नेताओं के माध्यम से दिल्ली के दक्षिण भारतीय मतदाताओं को साधने की रणनीति भी बनाई गई है। इसके तहत, दिल्ली में रहने वाले आंध्र, तमिलनाडु, केरल, ओडिशा, पुडुचेरी और कश्मीर के मतदाताओं को उनके प्रदेशों के भाजपा नेताओं से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत करवाई जाएगी। इसके जरिए मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
लाभार्थी मतदाता भाजपा के रडार पर
इसके अलावा, दिल्ली के लाभार्थी मतदाता भाजपा के विशेष निशाने पर हैं। इन मतदाताओं से मिलकर उन्हें उनके प्रदेश के भाजपा नेताओं की ओर से वोट देने की अपील वाली चिट्ठी दी जाएगी, और मोबाइल पर वीडियो कॉलिंग के जरिए बातचीत भी करवाई जाएगी।
भाजपा दिल्ली के मतदाताओं को केंद्र सरकार की लाभकारी योजनाओं और भाजपा-शासित राज्यों की कल्याणकारी नीतियों की विस्तृत जानकारी भी देगी।
बुंदेलखंड के नेता भी जुटे चुनावी अभियान में
दिल्ली में तीन दिन तक सक्रिय रहने वाले बुंदेलखंड के नेताओं में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा (जो अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं), पूर्व सांसद एवं लोधी राजपूत समाज के राष्ट्रीय महामंत्री गंगाचरण राजपूत, स्वामी साक्षी महाराज, पूर्व विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन, उरई सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, चित्रकूट जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, पूर्व विधायक आनंद शुक्ला, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, चरखारी विधायक बृजभूषण सिंह गुड्डो सहित बुंदेलखंड के सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता दिल्ली के तीन दिवसीय प्रवास पर रहकर मतदाताओं के घर-घर संपर्क कर रहे हैं।
"हम या भाजपा, कौन बेईमान?" – अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदाता तय करेंगे कि लगातार चौथी बार आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी या नहीं।
उन्होंने कहा,
"अगर ऐसा हुआ तो भाजपा के मुंह पर सच्चाई का तमाचा होगा।"
केजरीवाल ने कहा कि इस चुनाव में दिल्ली के मतदाता यह भी तय करेंगे कि आम आदमी पार्टी और भाजपा में से कौन बेईमान है और कौन सच्चा है।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा,
"इन्होंने मेरे और मेरी पार्टी के खिलाफ झूठे आरोप लगाकर मुझे जेल भिजवाने का षड्यंत्र रचा। लेकिन अब जनता इनकी सारी झूठी कारगुजारियों का जवाब देगी।"