कृषि विश्वविद्यालय बाँदा में 26–28 फरवरी को उत्तर क्षेत्रीय किसान मेला, तिथि परिवर्तित

बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी किसान भाइयों एवं आम जनमानस से अपील की है कि वे 26–28 फरवरी 2026 के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में

Feb 6, 2026 - 17:59
Feb 6, 2026 - 18:23
 0  33
कृषि विश्वविद्यालय बाँदा में 26–28 फरवरी को उत्तर क्षेत्रीय किसान मेला, तिथि परिवर्तित

किसानों के लिए निःशुल्क प्रतियोगिताएं, पशु स्वास्थ्य शिविर व नवीन कृषि तकनीकों का प्रदर्शन

बाँदा। बाँदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, बाँदा में अब उत्तर क्षेत्रीय किसान मेला परिवर्तित तिथि 26 से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.वी.एस. राजू ने दी। उन्होंने बताया कि संसद सत्र और उत्तर प्रदेश विधान सभा सत्र के कारण किसान मेले की तिथि 12–14 फरवरी के स्थान पर परिवर्तित कर 26–28 फरवरी 2026 कर दी गई है।

कुलपति प्रो. राजू ने बताया कि यह तीन दिवसीय उत्तर क्षेत्रीय किसान मेला कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित है। मेले का उद्घाटन प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा अन्य जनप्रतिनिधियों एवं देश के प्रख्यात कृषि वैज्ञानिकों की उपस्थिति में किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि तिथि परिवर्तन के बावजूद मेले की सभी प्रस्तावित गतिविधियां और कार्यक्रम पूर्व की भांति ही आयोजित किए जाएंगे।

कुलपति ने बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी किसान भाइयों एवं आम जनमानस से अपील की है कि वे 26–28 फरवरी 2026 के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस क्षेत्रीय किसान मेले में अवश्य भाग लें। उन्होंने बताया कि इस मेले में उत्तर भारत के सात राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से लगभग 10 से 15 हजार किसानों के प्रतिभाग करने का अनुमान है।

विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार प्रो. एन.के. बाजपेयी ने बताया कि किसान मेला कृषकों, कृषि उद्यमियों और अन्य हितधारकों को नवीनतम कृषि तकनीकों, अनुसंधान परिणामों और नवाचारों को एक मंच पर जानने व साझा करने का अवसर प्रदान करेगा। मेले में उन्नत किस्म के बीज, खाद, कृषि रसायन, कृषि उत्पाद, मूल्य संवर्धित उत्पाद, पशु आहार एवं अन्य उपयोगी कृषि सामग्री विक्रय हेतु उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा मिलेट से बने उत्पाद, खाद्य सामग्री तथा विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए सजीव मॉडल भी प्रदर्शित किए जाएंगे।

मेले में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व के शोध संस्थानों द्वारा विकसित कृषि तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही गैर-शासकीय संस्थाओं, कृषि निवेशकों, उत्पादकों, विक्रेताओं तथा विभिन्न शासकीय विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। बाँदा के संयुक्त निदेशक कृषि डॉ. एल.बी.एस. यादव ने क्षेत्र में कार्यरत सभी आदान निर्माताओं एवं विक्रेताओं को स्टॉल लगाने के निर्देश दिए हैं।

कृषि विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. धीरज मिश्रा ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में मेला ग्राउंड की तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। साथ ही कृषि व्यवसाय से जुड़े हितधारकों, कृषि संस्थानों, उद्यमियों एवं कृषक उत्पादक समूहों से स्टॉल आमंत्रित किए गए हैं। अधिक जानकारी के लिए सहायक निदेशक प्रसार डॉ. बी.के. गुप्ता (मो. 8840283165) अथवा डॉ. पंकज कुमार ओझा (मो. 7355373981) से संपर्क किया जा सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0