कमजोर वर्ग को विधिक सहायता प्रदान करना उद्देश्य : सचिव
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव इला चौधरी ने दिया वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की...
चित्रकूट। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव इला चौधरी ने दिया वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। जिसमें महिलाओं एवं हाशिए पर रहने वाले समाज के व्यक्तियों के उत्थान, अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य पर चर्चा की गई।
सचिव ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को विधिक सहायता प्रदान करना तथा उनके अधिकारों की जागरूकता फैलाना है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के दिशा निर्देशानुसार डीएलएसए निरंतर विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर रहा है। दिया वेलफेयर सोसाइटी जैसे सक्रिय संगठन के साथ यह सहयोग महिलाओं एवं हाशिए में रहने वाले समाज के व्यक्तियों के उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा। जनपद चित्रकूट जिले की सामाजिक-आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की स्थिति अभी भी चिंताजनक है। बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा तथा आर्थिक निर्भरता जैसी समस्याएं महिलाओं को पीड़ित कर रही हैं। इसी प्रकार अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक एवं अन्य पिछड़ा वर्ग तथा गरीब व्यक्ति शिक्षा, रोजगार एवं स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित हैं। दिया वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यगणों ने कहा कि उनका संगठन पिछले पांच वर्षों से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कार्यरत है। उन्होंने जिले के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में महिलाओं को स्वरोजगार प्रशिक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता शिविर तथा विधिक साक्षरता कार्यक्रम आयोजित करने की योजना साझा की। सचिव ने 14 अप्रैल को होने वाली आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी दी। साथ ही यायालय परिसर में प्रतिदिन आने वाली गरीब, बेसहारा महिलाएं, जो किसी न किसी समस्या से ग्रसित हैं को चिन्हित करते हुये उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में सम्पर्क कर अपनी समस्यायों से अवगत कराने के लिए दिया वेल फेयर सोसाइटी के सदस्यों से अपेक्षा की। ताकि उनकी समस्याओं का यथा सम्भव निस्तारण कराया जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
