जल संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने पर दिव्या त्रिपाठी को किया गया सम्मानित

उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद के ओरन नगर पंचायत में विश्व जल दिवस के अवसर पर जल संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान...

Mar 20, 2025 - 13:35
Mar 20, 2025 - 13:36
 0  1
जल संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने पर दिव्या त्रिपाठी को किया गया सम्मानित

हमारा सरोवर हमारी धरोहर‘ कार्यक्रम में हुईं सम्मानित

चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद के ओरन नगर पंचायत में विश्व जल दिवस के अवसर पर जल संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जल प्रहरियों को सम्मानित किया गया। जिसमें जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने समाजसेविका दिव्या त्रिपाठी को विशेष रूप से सम्मानित किया। जो बीते एक दशक से जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही हैं।

दिव्या त्रिपाठी ने जल बचाने की दिशा में कई ठोस प्रयास किए हैं। उन्होंने सेमरिया जगन्नाथवासी गांव के सरोवरों को पुनर्जीवित करने के साथ मंदाकिनी नदी की सफाई का बीड़ा उठाया। उनके प्रयासों से कई जल स्रोतों को नया जीवन मिला है। उनके नेतृत्व में हुए अभियानों ने स्थानीय समुदाय को भी जागरूक किया है, जिससे जल संरक्षण एक सामूहिक पहल बनता जा रहा है।

‘हमारा सरोवर हमारी धरोहर‘ कार्यक्रम के आयोजन में पद्मश्री उमाशंकर पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस मौके पर जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, नरैनी की विधायक ओममणि वर्मा, पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्रा, जिलाधिकारी जे रीभा व मंडलायुक्त चित्रकूट धाम मंडल समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस दौरान जल संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहे 51 जल प्रहरियों को सम्मानित किया गया।

जल संरक्षण के साथ-साथ दिव्या त्रिपाठी ने वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए ‘पौधा मित्र अभियान‘ की शुरुआत की है। सोशल मीडिया के माध्यम से इस अभियान को गति देते हुए उन्होंने जल संकट और बढ़ते तापमान से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की है।

विश्व जल दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम जल संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ। दिव्या त्रिपाठी जैसी जल योद्धाओं का सम्मान न केवल उनके प्रयासों को पहचान दिलाता है, बल्कि अन्य लोगों को भी प्रेरित करता है कि वे जल और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं। जल संकट और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए इस तरह के जन आंदोलन को और अधिक समर्थन एवं विस्तार देने की आवश्यकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0