बांदा : कंधरदास तालाब में अवैध मछली पालन पर होगी सख्त कार्रवाई, सफाई अभियान जारी

बांदा के मोहल्ला कटरा में स्थित कंधरदास तालाब में अवैध मछली पालन और उसके कारण उत्पन्न समस्याओं के खिलाफ...

Aug 26, 2024 - 00:45
Aug 26, 2024 - 00:47
 0  1
बांदा : कंधरदास तालाब में अवैध मछली पालन पर होगी सख्त कार्रवाई, सफाई अभियान जारी

बांदा के मोहल्ला कटरा में स्थित कंधरदास तालाब में अवैध मछली पालन और उसके कारण उत्पन्न समस्याओं के खिलाफ नगर पालिका सख्त कदम उठाने जा रही है। आज तालाब में सफाई अभियान अशोक त्रिपाठी 'जीतू' के नेतृत्व में शुरू किया गया, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि अंकित बासु भी सफाई कर्मचारियों के साथ शामिल हुए।

सफाई के दौरान मुहल्ले वासियों ने शिकायत की कि कुछ लोग नगर पालिका के नाम पर अवैध मछली पालन कर रहे हैं और मरी हुई मछलियों को तालाब के किनारे फेंक देते हैं, जिससे इलाके में बदबू फैलती है और बच्चे बीमार हो रहे हैं। इस पर अंकित बासु ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका की ओर से किसी को भी मछली पालन का पट्टा नहीं दिया गया है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े : पुत्र की दीर्घायु के लिए महिलाओं ने मनाया हलछठ का पर्व

मुहल्ले वासियों ने यह भी बताया कि नाली के अवरुद्ध होने से घर का पानी नहीं निकलता है। इस पर बासु ने आश्वासन दिया कि कंधरदास तालाब की सफाई का महाअभियान अब हर रविवार सुबह 7:30 बजे से 9 बजे तक चलेगा और उनकी सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। हालांकि, तालाब में कोई नया पक्का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जा सकता है क्योंकि पिछले ठेकेदार ने न्यायालय में मुकदमा दायर कर रखा है।

अंकित बासु ने सभासद लखन कुशवाहा और पूर्व सभासद नीरज त्रिपाठी की मांग पर तालाब के पास दो लाइटें और दो सीसीटीवी कैमरे लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे उन लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी जो तालाब में कूड़ा फेंकते हैं।

यह भी पढ़े : महोबा से राठ होते हुये भिण्ड तक जल्द निकलेगी रेलवे लाइन

इस सफाई अभियान में अशोक त्रिपाठी, अंकित बासु, नीरज त्रिपाठी, लखन कुशवाहा, खन्चू श्रीवास्तव, राजेन्द्र सिंह, उदयवीर सिंह, कुंजबिहारी मिश्र, पूर्व प्रधान सुनील त्रिपाठी, सुरेश कुमार समेत लगभग दो दर्जन लोग और सफाई कर्मचारी शामिल हुए। अशोक त्रिपाठी ने जानकारी दी कि अगले रविवार, 1 सितम्बर को फिर से कंधरदास तालाब की सफाई अभियान चलाया जाएगा, जो हर रविवार जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 2
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0