बांदा का सोहन हलुआ और बालूशाही अब बनेंगे ग्लोबल ब्रांड
उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी “एक जिला एक व्यंजन” (ODOC) योजना के तहत अब बुंदेलखंड के बांदा जिले का प्रसिद्ध सोहन हलुआ...
योगी सरकार की ODOC योजना से स्थानीय कारीगरों को मिलेगा बड़ा लाभ
बांदा। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी “एक जिला एक व्यंजन” (ODOC) योजना के तहत अब बुंदेलखंड के बांदा जिले का प्रसिद्ध सोहन हलुआ और बालूशाही वैश्विक पहचान की ओर बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस पहल से स्थानीय कारीगरों और मिठाई कारोबारियों के लिए रोजगार और व्यापार के नए अवसर खुलेंगे।
सरकार ने योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एक विशेष सेल गठित करने का निर्णय लिया है। यह सेल सोहन हलुआ और बालूशाही से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं का समाधान करने के साथ-साथ उन्हें बैंक ऋण और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में भी मदद करेगी। सरकार का उद्देश्य छोटे स्तर पर कार्य कर रहे पारंपरिक कारीगरों को सफल उद्यमी के रूप में विकसित करना है।
प्रशिक्षण से निखरेगा स्वाद और गुणवत्ता
योजना के तहत बांदा के पारंपरिक हलवाइयों और कारीगरों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। इसमें पैकेजिंग, गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता मानक और मिठाइयों की शेल्फ लाइफ बढ़ाने जैसी तकनीकों की जानकारी दी जाएगी, ताकि ये उत्पाद देश-विदेश के बाजारों तक आसानी से पहुंच सकें।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल न केवल बांदा की पारंपरिक मिठाइयों को वैश्विक पहचान दिलाएगी, बल्कि प्रदेश के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी।
‘स्वाद यूपी का’ अभियान में चमकेगा बांदा
प्रदेश सरकार के “स्वाद यूपी का” अभियान के अंतर्गत बांदा के सोहन हलुआ को प्रमुख ब्रांड के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं बालूशाही को भी विशेष पहचान दिलाने की तैयारी की जा रही है।
सरकार की इस पहल से स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं और कारीगरों को रोजगार मिलने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में बांदा की मिठाइयों की खुशबू देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक पहुंचेगी और जिले को नई पहचान दिलाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
