बाँदा : भांजी ने मामा की शादी का प्रस्ताव ठुकराया, मामा ने पीटा, दी जान से मारने की धमकी

रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला कालिंजर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां मामा-भांजी के पवित्र रिश्ते को ताक पर रखकर एक...

Feb 9, 2026 - 12:24
Feb 9, 2026 - 12:26
 0  104
बाँदा : भांजी ने मामा की शादी का प्रस्ताव ठुकराया, मामा ने पीटा, दी जान से मारने की धमकी

बांदा। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला कालिंजर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां मामा-भांजी के पवित्र रिश्ते को ताक पर रखकर एक व्यक्ति ने युवती पर शादी का दबाव बनाया। युवती के इंकार करने पर आरोपी ने न केवल मारपीट की बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कालिंजर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका रिश्तेदार प्रेमचंद्र पुत्र जगरूप निषाद, निवासी कजरीकोल रामा का पुरवा थाना कालिंजर, 12 अगस्त 2025 को गांव के बाहर उसे मिला। आरोपी ने उससे शादी करने की बात कही। इस पर युवती ने साफ कहा कि वह उसके रिश्ते में मामा लगता है और ऐसे रिश्ते में शादी संभव नहीं है।

युवती के अनुसार, इस बात पर आरोपी भड़क गया और कहा कि मामा लगने से क्या होता है, शादी तो तुम्हें करनी ही पड़ेगी। जब युवती ने दो टूक शब्दों में शादी से इंकार कर वहां से जाने को कहा, तो आरोपी ने मोटरसाइकिल से उतरकर उसे दो थप्पड़ मार दिए और गाली-गलौज करते हुए चला गया। जाते-जाते आरोपी ने धमकी दी कि “आज तो बच गई हो, अगली बार जान से मार दूंगा।”

युवती ने बताया कि सामाजिक बदनामी के डर से उसने उस समय यह बात अपने माता-पिता को नहीं बताई। लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। 26 जनवरी 2026 को आरोपी ने फोन कर फिर से शादी के लिए दबाव बनाया। युवती द्वारा दोबारा इंकार करने पर आरोपी ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
लगातार मिल रही धमकियों से भयभीत और सहमी युवती ने अंततः पुलिस की शरण ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0