भीषण गर्मी को लेकर प्रशासन अलर्ट: बाँदा जिलाधिकारी ने जारी की एडवाइजरी, लू से बचाव के लिए बरतें सावधानी
जनपद में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने जनपदवासियों से...
- हीट वेव की आशंका, जरूरत पड़ने पर तुरंत अस्पताल जाने की अपील
- पानी की कमी न होने दें, दोपहर में बाहर निकलने से बचें
- आपदा कंट्रोल रूम नंबर जारी, किसानों और श्रमिकों को समय बदलने की सलाह
बांदा। जनपद में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि हीट वेव की स्थिति में विशेष सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें। उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी न होने दें और धूप में अनावश्यक बाहर निकलने से बचें।
जिलाधिकारी ने बताया कि लू लगने की स्थिति में त्वचा का लाल और शुष्क होना, पसीना न आना, तेज पल्स, तेज सांस चलना, कम पेशाब आना, सिरदर्द, चक्कर, मतली, थकान, कमजोरी और असामान्य व्यवहार जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत छायादार स्थान पर जाएं और चिकित्सक से संपर्क करें।
उन्होंने बताया कि अत्यधिक गर्मी से शरीर के आंतरिक अंगों विशेषकर मस्तिष्क पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है और हृदय की कार्यक्षमता भी प्रभावित हो सकती है। इसलिए दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें। बाहर निकलते समय सिर ढककर रखें, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और पर्याप्त मात्रा में पानी, ORS, नींबू पानी, छाछ व लस्सी का सेवन करें।
प्रशासन ने लोगों को हल्का और संतुलित भोजन करने की सलाह दी है। तरबूज, खीरा, ककड़ी जैसे फल खाने और तला-भुना भोजन से परहेज करने को कहा गया है। घरों को ठंडा रखने के लिए दिन में दरवाजे-खिड़कियां बंद रखने और रात में हवा आने देने की सलाह दी गई है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेन्द्र ने किसानों और श्रमिकों से अपील की है कि वे अपने काम का समय बदलें। सुबह जल्दी कार्य शुरू करें और दोपहर में विश्राम करें। शाम 3 से 4 बजे के बाद ही कार्य पुनः शुरू करें। उन्होंने काम के दौरान पानी, ग्लूकोज या नींबू पानी साथ रखने की सलाह दी।
जिला आपदा विशेषज्ञ डॉ. प्रभाकर सिंह ने बताया कि तापाघात से बचाव के लिए जिला आपदा कंट्रोल रूम सक्रिय है। किसी भी आपात स्थिति में कंट्रोल रूम नंबर 05192-285260 या टोल फ्री नंबर 1077 पर कॉल कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लू से बचाव संबंधी निर्देशों का पालन करें और अधिक से अधिक पानी पीते रहें। जागरूकता और सावधानी ही गर्मी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
