भीषण ठंड से राहत के लिए योगी सरकार गंभीर, बांदा में 454 स्थानों पर जल रहे अलाव, 5484 जरूरतमंदों को मिले कंबल
पूरे उत्तर भारत में जारी भीषण शीतलहर के बीच लोगों को ठंड से राहत दिलाने के लिए योगी सरकार पूरी तरह गंभीर नजर आ रही है...
बांदा। पूरे उत्तर भारत में जारी भीषण शीतलहर के बीच लोगों को ठंड से राहत दिलाने के लिए योगी सरकार पूरी तरह गंभीर नजर आ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को ठंड को देखते हुए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में बांदा जिले में नगर पालिका, नगर पंचायत और तहसील प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से ठंड से बचाव के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जिले में नगर पालिका क्षेत्र, नगर पंचायतों एवं तहसील मुख्यालयों पर रैन बसेरे संचालित किए जा रहे हैं, वहीं सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। साथ ही जरूरतमंद और निराश्रित लोगों को कंबल वितरित किए जा रहे हैं। व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहें, इसके लिए जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण भी कर रहे हैं।
454 स्थानों पर अलाव, 12 रैन बसेरे संचालित
ठंड से बचाव को लेकर बांदा जिले में कुल 454 स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। इनमें बांदा नगर क्षेत्र में 222, अतर्रा में 79, बबेरू में 50, नरैनी में 93 तथा पैलानी में 10 स्थान शामिल हैं। इसके साथ ही बांदा नगर क्षेत्र में 12 रैन बसेरे संचालित किए जा रहे हैं, जहां अब तक 381 लोग ठहर चुके हैं। रैन बसेरों में रजाई, गद्दे, तकिया सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
5484 लोगों को बांटे गए कंबल
जिला प्रशासन द्वारा ठंड को देखते हुए कुल 12,423 कंबल मंगवाए गए हैं, जिसके सापेक्ष अब तक 5,484 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए जा चुके हैं। इनमें बांदा नगर क्षेत्र में 1,551, अतर्रा में 954, बबेरू में 944, नरैनी में 1,008 तथा पैलानी में 1,027 लोगों को कंबल वितरित किए गए हैं।
व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेंद्र ने बताया कि भीषण ठंड को देखते हुए बांदा में 12 रैन बसेरे संचालित किए जा रहे हैं, जहां सभी व्यवस्थाएं मुकम्मल हैं और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रत्येक तहसील क्षेत्र में जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए जा रहे हैं और जहां आवश्यकता है, वहां अलाव जलवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी महोदया एवं प्रशासनिक अधिकारी स्वयं समय-समय पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि ठंड से किसी को परेशानी न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
