डग्गामार वाहनों के जोखिम भरे सफर से मिलेगी मुक्ति, गांवों तक पहुंचेगी सुरक्षित सरकारी बस सेवा
उत्तर प्रदेश सरकार की ‘मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना’ अब बांदा जिले के ग्रामीण अंचलों की तस्वीर बदलने की तैयारी में है...
सौगात: मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना को शासन की हरी झंडी; डग्गामार वाहनों से मिलेगी मुक्ति, युवाओं को मिलेगा रोजगार
बांदा। उत्तर प्रदेश सरकार की ‘मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना’ अब बांदा जिले के ग्रामीण अंचलों की तस्वीर बदलने की तैयारी में है। जिले के दूर-दराज के गांवों का सफर अब न केवल आसान होगा, बल्कि सुरक्षित भी होगा। शासन से आदेश मिलने के बाद परिवहन विभाग ने जिले के सभी आठों ब्लॉकों को जिला मुख्यालय से सीधे जोड़ने की कवायद तेज कर दी है। योजना के तहत अब गांव की सड़कों पर 15 से 28 सीटों वाली आधुनिक मिनी बसें फर्राटा भरती नजर आएंगी।
डग्गामार वाहनों के भरोसे नहीं रहेंगे ग्रामीण
बांदा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक परिवहन का मुख्य साधन डग्गामार वाहन ही रहे हैं, जिनमें सफर करना न केवल असुरक्षित था बल्कि समय और धन की भी बर्बादी होती थी। इस योजना के आने से किसान, व्यापारी और विशेषकर छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी। अब वे कम समय और किफायती किराए में अपनी तहसीलों और जिला मुख्यालय तक पहुंच सकेंगे। सुरक्षित परिवहन सेवा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगी।
निजी वाहन स्वामियों के साथ होगा अनुबंध
योजना की कार्ययोजना के अनुसार, इन रूटों पर बड़ी बसों के बजाय मिनी बसों का संचालन किया जाएगा। इन बसों का संचालन निजी वाहन स्वामियों के माध्यम से अनुबंध (Contract) के आधार पर होगा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित एक विशेष समिति जल्द ही रूटों का अंतिम निर्धारण करेगी, जिसके बाद आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। यह पहल स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के बड़े अवसर पैदा करेगी।
परिवहन विभाग ने शुरू की तैयारी
बांदा के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (ARM) वी.के. चौबे ने योजना पर उत्साह व्यक्त करते हुए बताया, "हमें शासन से मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के क्रियान्वयन के संबंध में आधिकारिक पत्र प्राप्त हो चुका है। यह सरकार की एक अत्यंत सराहनीय और दूरगामी पहल है। इससे बांदा के सुदूर इलाके सीधे मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। हम जल्द ही अनुबंध की प्रक्रिया शुरू करने जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को सुगम सफर और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।"
योजना की खास बातें:
मिनी बसें: 15 से 28 सीटों वाली बसों का होगा संचालन।
कनेक्टिविटी: जिले के सभी 8 ब्लॉकों के आखिरी गांव तक पहुंचेगी सेवा।
रोजगार: स्थानीय युवाओं को बस संचालन के जरिए मिलेगा स्वरोजगार।
सुविधा: डग्गामार वाहनों के जोखिम भरे सफर से मिलेगी स्थायी निजात।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
