मेडिकल कॉलेज बांदा में डॉक्टर की सेवामुक्ति पर हंगामा, जूनियर डॉक्टरों ने बंद किया इमरजेंसी गेट
राजकीय मेडिकल कॉलेज, बांदा में एक बच्ची के इलाज में कथित लापरवाही के आरोप में चिकित्सक को सेवामुक्त किए जाने...
बच्ची के इलाज में लापरवाही का आरोप, कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन; पिता ने दर्ज कराई शिकायत
बांदा। राजकीय मेडिकल कॉलेज, बांदा में एक बच्ची के इलाज में कथित लापरवाही के आरोप में चिकित्सक को सेवामुक्त किए जाने के बाद गुरुवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। कार्रवाई के विरोध में संविदा चिकित्सकों और जूनियर डॉक्टरों ने इमरजेंसी गेट बंद कर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों का कहना था कि बिना निष्पक्ष जांच के चिकित्सक को सेवामुक्त करना उचित नहीं है। उन्होंने निर्णय पर पुनर्विचार की मांग करते हुए कुछ समय के लिए आपातकालीन सेवाओं को भी प्रभावित किया। डॉक्टरों ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से चिकित्सकों में असंतोष बढ़ रहा है।
बताया गया कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विनीत सिंह को पांच वर्षीय बच्ची के इलाज में लापरवाही के आरोप सिद्ध होने के बाद सेवामुक्त कर दिया। इसी के विरोध में जूनियर डॉक्टरों और संविदा चिकित्सकों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम पडुई निवासी अनिल कुमार ने अपनी पांच वर्षीय पुत्री मानवी के इलाज में गंभीर चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 23 दिसंबर 2025 को छत से गिरने के बाद बच्ची को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि इलाज के दौरान पैर को अत्यधिक कसकर बांधा गया और समय पर उचित उपचार नहीं किया गया, जिससे बच्ची की हालत बिगड़ती चली गई।
परिजनों के अनुसार 29 दिसंबर को हालत गंभीर होने पर बच्ची को लखनऊ रेफर किया गया, जहां केजीएमयू और एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान संक्रमण बढ़ने पर उसका पैर काटना पड़ा। पीड़ित पिता ने इसे गंभीर चिकित्सीय लापरवाही बताते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
