राष्ट्रपति ने बांदा के लाल को राष्ट्रीय विज्ञान अवार्ड से किया सम्मानित
यूपी के जनपद बांदा में पैलानी तहसील अंतर्गत खप्टिहाकला गांव के निवासी डॉ. सत्येंद्र कुमार मंगरौठिया को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय विज्ञान अवार्ड...
बांदा। यूपी के जनपद बांदा में पैलानी तहसील अंतर्गत खप्टिहाकला गांव के निवासी डॉ. सत्येंद्र कुमार मंगरौठिया को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय विज्ञान अवार्ड से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया, जिसमें वे अपनी पत्नी डॉ. सुरेखा, बहन सुषमा, छोटे भाई धर्मेंद्र मंगरौठिया और भाभी दीपाली के साथ शामिल हुए।
डॉ. मंगरौठिया को यह प्रतिष्ठित सम्मान राइस रिसर्च (धान अनुसंधान) में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है। वे वर्तमान में इंडियन इंस्टीट्यूट हैदराबाद में सीनियर साइंटिस्ट के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले भी उन्हें 2009 में यंग साइंटिस्ट अवार्ड और 2010, 2019 व 2021 में गोल्ड मेडल से नवाजा जा चुका है। अब तक वे एक दर्जन से अधिक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। उन्हें यह सम्मान मिलने से गांव में जश्न का माहौल है।
यह भी पढ़े : बांदा : 7 वर्षीय छात्र के साथ प्रिंसिपल ने की बेरहमी से मारपीट, मुकदमा दर्ज
उनकी प्रारंभिक शिक्षा परमहंस श्री रणछोड़ दास इंटर कॉलेज, खप्टिहाकला में हुई थी, जहां उनके पिता स्वर्गीय श्रीनिवास मंगरौठिया गणित और विज्ञान के शिक्षक थे। उनकी माता, स्वर्गीय श्रीमती कमला मंगरौठिया, एक गृहिणी थीं। माता-पिता के असमय निधन के बावजूद डॉ. मंगरौठिया ने अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा और मां से मिली प्रेरणा को जीवन का आधार बनाकर विज्ञान के क्षेत्र में ऊंचाइयों को छुआ।
राष्ट्रीय विज्ञान अवार्ड की घोषणा के बाद खप्टिहाकला गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटीं और डॉ. मंगरौठिया के बड़े भाई राजा मंगरौठिया को बधाइयां दीं। इस अवसर पर पूर्व नौसेना अधिकारी राकेश बाजपेई, जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विशंभर प्रसाद निषाद, ग्राम प्रधान मैना देवी निषाद, विनोद निषाद, सुमित सविता, भूपेंद्र सिंह, आशीष चौरसिया, अरविंद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त किया।
यह भी पढ़े : बाँदा : संघ शताब्दी वर्ष पर हिंदी नाटक ‘संघ गंगा के तीन भगीरथ’ का भव्य मंचन
बड़े भाई राजा मंगरौठिया ने कहा कि डॉ. सत्येंद्र कुमार मंगरौठिया की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और गांव के लिए गर्व की बात है, बल्कि पूरा जनपद बांदा भी गौरवान्वित हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
