बांदा में घर-घर पहुंचेगी पाइपलाइन गैस, जिलाधिकारी ने प्रगति कार्यों की समीक्षा की

जनपद में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजना के तहत घर-घर पाइपलाइन नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन ने कार्यों में तेजी...

May 14, 2026 - 18:06
May 14, 2026 - 18:07
 0  39
बांदा में घर-घर पहुंचेगी पाइपलाइन गैस, जिलाधिकारी ने प्रगति कार्यों की समीक्षा की
  • PNG कनेक्शन विस्तार को लेकर प्रशासन सख्त, लंबित NOC जल्द जारी करने के निर्देश
  • रेलवे, सिंचाई और नगर पालिका स्तर पर लंबित अनुमति पर जताई नाराजगी
  • 2653 सक्रिय PNG उपभोक्ताओं की सूची जिला पूर्ति कार्यालय को देने के निर्देश
  • नगर पालिका क्षेत्र के सभी गैस उपभोक्ताओं को PNG से जोड़ने की तैयारी

बांदा। जनपद में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजना के तहत घर-घर पाइपलाइन नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन ने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं आईजीएल कंपनी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग, रेलवे विभाग, नगर पालिका परिषद बांदा तथा आईजीएल कंपनी के अधिकारी उपस्थित रहे। आईजीएल के अधिकारी अमित नांजिया ने बताया कि नगर पालिका स्तर से पांच, पीडब्ल्यूडी से एक, सिंचाई विभाग से एक तथा रेलवे विभाग से एक एनओसी अब तक लंबित है, जिसके कारण कार्य प्रभावित हो रहा है।

इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया। नगर पालिका परिषद बांदा के अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि डिमांड नोट जारी कर दिया गया है और कंपनी द्वारा धनराशि जमा होते ही एनओसी जारी कर दी जाएगी।

वहीं खैरार जंक्शन पर 12 इंच सीएस पाइपलाइन बिछाने के लिए रेलवे विभाग से संयुक्त सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर अनुमति लंबित होने का मामला भी बैठक में उठा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रक्रिया जारी है और उच्च स्तर से शीघ्र अनुमति दिलाई जाएगी। जिलाधिकारी ने आईजीएल अधिकारियों को रेलवे विभाग से समन्वय कर लंबित कार्य तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि पाइपलाइन नेचुरल गैस की उपयोगिता और सुविधा को देखते हुए नगर पालिका बांदा क्षेत्र के अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को PNG से जोड़ा जाएगा। साथ ही अब तक जारी 2653 सक्रिय PNG कनेक्शनधारकों की सूची जिला पूर्ति कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि संबंधित उपभोक्ताओं से एलपीजी कनेक्शन समर्पित कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0