बांदा में परिवहन विभाग का बड़ा अभियान, 535 वाहनों के चालान, 5 वाहन सीज
परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर गुरुवार को जनपद बांदा में विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया...
अपर परिवहन आयुक्त केडी सिंह के नेतृत्व में चला सघन चेकिंग अभियान, यातायात नियमों के पालन की दी गई नसीहत
बांदा। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर गुरुवार को जनपद बांदा में विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अपर परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश केडी सिंह ने किया। महोखर बाईपास चौराहे सहित शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर परिवहन विभाग, पुलिस एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
अभियान के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सिंह, आरटीओ परिवहन सौरभ कुमार, आरटीओ प्रवर्तन उदय वीर सिंह, एआरटीओ परिवहन श्याम लाल, पीटीओ वीरेंद्र राजभर, पीटीओ महोबा एन.वी. सिंह, पीटीओ हमीरपुर चंदन पांडेय, यातायात प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह, टीएसआई त्रिलोकी नाथ पांडेय तथा महोखर चौकी प्रभारी दुर्ग विजय सिंह अपनी-अपनी टीमों के साथ मौजूद रहे।
संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए सघन चेकिंग अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले लगभग 535 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 5 वाहनों को मंडी समिति थाना परिसर में सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के बिना संचालित वाहनों तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के साथ-साथ जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा वैध नंबर प्लेट लगवाने के लिए प्रेरित किया। अवैध पार्किंग में खड़े वाहनों के भी चालान किए गए और वाहन स्वामियों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की सलाह दी गई।
अपर परिवहन आयुक्त केडी सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन सीज सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने आमजन से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
