चित्रकूट में सीएम योगी ने की कामदगिरि परिक्रमा, बच्चों को बांटी चॉकलेट और बंदरों को खिलाए चने

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय चित्रकूट प्रवास के दूसरे दिन भगवान कामतानाथ की पवित्र कामदगिरि परिक्रमा कर विधि-विधान...

Jul 9, 2026 - 11:28
Jul 9, 2026 - 11:31
 0  37
चित्रकूट में सीएम योगी ने की कामदगिरि परिक्रमा, बच्चों को बांटी चॉकलेट और बंदरों को खिलाए चने

भगवान कामतानाथ के दर्शन कर प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना • संतों का लिया आशीर्वाद • सुरक्षा के बीच दिखा मुख्यमंत्री का सहज और आत्मीय स्वरूप

चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय चित्रकूट प्रवास के दूसरे दिन भगवान कामतानाथ की पवित्र कामदगिरि परिक्रमा कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना करते हुए भगवान कामतानाथ का आशीर्वाद लिया।

परिक्रमा के दौरान मुख्यमंत्री का आत्मीय और सहज व्यक्तित्व भी देखने को मिला। उन्होंने मार्ग में मिले छोटे-छोटे बच्चों को अपने हाथों से चॉकलेट वितरित की और उनसे आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे उत्साह से झूम उठे। वहीं, परिक्रमा मार्ग पर मौजूद बंदरों को भी उन्होंने अपने हाथों से चने खिलाए, जिसकी श्रद्धालुओं ने खूब सराहना की।

मुख्यमंत्री ने परिक्रमा के दौरान संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मदन गोपाल दास महाराज, दिव्य जीवन दास महाराज, रामचंद्र दास महाराज सहित अनेक संतजन उपस्थित रहे। इसके अलावा उन्होंने बरहा स्थित हनुमान मंदिर में आरती कर पूजा-अर्चना भी की।

मुख्यमंत्री के साथ डॉ. विपिन विराट जी महाराज, कामदगिरि वार्ड के पार्षद अरुण त्रिपाठी, पूर्व विधायक आनंद शुक्ला, पूर्व सांसद आर.के. पटेल, भैरव प्रसाद मिश्रा, पूर्व राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे कामदगिरि परिक्रमा मार्ग को सुरक्षा छावनी में तब्दील कर दिया गया था। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश पुलिस तथा प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। परिक्रमा मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए मौजूद रहे और पूरा क्षेत्र धार्मिक उत्साह एवं आस्था के वातावरण से सराबोर दिखाई दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0